जदयू ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, फसल क्षति के मुआवजे की मांग

Updated at : 22 Mar 2026 7:43 PM (IST)
विज्ञापन
जदयू ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, फसल क्षति के मुआवजे की मांग

जदयू ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, फसल क्षति के मुआवजे की मांग

विज्ञापन

आर्थिक संकट में घिरे अन्नदाता, त्वरित सर्वेक्षण कर राहत राशि देने की अपील

किशनगंज. जिले में बीते दिनों हुई बेमौसम ओलावृष्टि व भीषण चक्रवाती तूफान ने खेती-किसानी को गहरे जख्म दिए हैं. मक्का व अन्य फसलों को हुए व्यापक नुकसान की भरपाई और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को जिलाधिकारी से मिला. जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी विशाल राज को एक ज्ञापन सौंपकर किसानों के पक्ष में त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया.

जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में फैसल अहमद ने उल्लेख किया कि 16 मार्च से 20 मार्च के बीच जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रकृति का कहर बरपा है. ओलावृष्टि व तेज हवाओं के कारण तैयार फसलें खेतों में बिछ गयी हैं, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है. जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस आपदा ने सीमांचल के किसानों की कमर तोड़ दी है. वे गहरे आर्थिक संकट व मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं.

किसानों का मनोबल बचाना प्राथमिकता

जदयू जिलाध्यक्ष ने डीएम से मांग की कि कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से पंचायत स्तर पर फसल क्षति का सटीक आकलन करवाया जाए. उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द अधिकतम मुआवजा राशि प्रदान की जाए, ताकि उनका खेती के प्रति मनोबल न टूटे. फैसल अहमद ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समय रहते सहायता नहीं मिली, तो जिले में कृषि कार्य बाधित हो सकते हैं, जिसका सीधा असर जिले की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा.

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

इस अवसर पर जदयू के जिला पदाधिकारियों ने प्रशासन को किसानों की जमीनी हकीकत से अवगत कराया. प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से जदयू किशनगंज नगर अध्यक्ष जय नारायण यादव व विजय कुमार सहित पार्टी के कई अन्य सक्रिय कार्यकर्ता व किसान नेता मौजूद रहे. जिलाधिकारी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई और सर्वेक्षण का भरोसा दिलाया है.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन