जिले में ईद पर्व शांतिपूर्वक संपन्न, मस्जिदों व ईदगाहों में पढ़ी गई नमाज

Updated at : 21 Mar 2026 9:28 PM (IST)
विज्ञापन
जिले में ईद पर्व शांतिपूर्वक संपन्न, मस्जिदों व ईदगाहों में पढ़ी गई नमाज

जिले में शनिवार को ईद का त्योहार उत्साह व भाईचारे के साथ मनाया गया. सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों व ईदगाहों में नमाजियों का तांता लगा रहा

विज्ञापन

सुबह से ही शहर व ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों व ईदगाहों में नमाजियों का तांता लगा रहा

किशनगंज

जिले में शनिवार को ईद का त्योहार उत्साह व भाईचारे के साथ मनाया गया. सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों व ईदगाहों में नमाजियों का तांता लगा रहा. ईदगाह में नमाज अदा की गई, जहां हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने एक साथ खुदा की बारगाह में सिर झुकाया. रोजेदारों ने नमाज के बाद देश और दुनिया में शांति, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी. नमाज मुकम्मल होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारक कहा. छोटे बच्चों में ईद को लेकर खासा उत्साह देखा गया, जो नए कपड़ों में सजे-धजे नजर आए. शुक्रवार की रात्रि में हुई वर्षा के कारण कुछ नमाज स्थल में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. शनिवार की सुबह से ही इन स्थलों से जलजमाव को साफ करवाया गया. कई स्थानों पर ईदगाह कमेटी के सदस्यों ने नमाज की व्यवस्था की थी. जिला प्रशासन और पुलिस बल की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. सभी प्रमुख चौक-चौराहों और ईदगाह के आसपास पुलिस बल तैनात रहा ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे. किशनगंज हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है. इस मौके पर गैर-मुस्लिम भाइयों ने भी ईदगाह के बाहर अपने मित्रों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जो जिले की अटूट एकता को दर्शाता है.

ठाकुरगंज प्रतिनिधि

के अनुसार शनिवार को अकीदत, उल्लास और आपसी भाईचारे के खूबसूरत माहौल में ईद-उल-फितर की नमाज़ अदा की गई. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर सजदे में सिर झुकाया और देश में अमन-चैन, खुशहाली व तरक्की के लिए दुआएं मांगी. नमाज़ के बाद गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद देने का सिलसिला देर तक चलता रहा, जिससे गंगा-जमुनी तहज़ीब की जीवंत तस्वीर सामने आई. बशीर नगर ईदगाह में सुबह 9 बजे नमाज़ अदा की गई, जहां खतीब मौलाना जहुरुल इस्लाम ने नमाज़ पढ़ाई. अपने खुत्बे में उन्होंने इंसानियत, मोहब्बत और आपसी सौहार्द का संदेश देते हुए कहा कि ईद हमें खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के साथ खड़े होने की प्रेरणा देती है. प्रखंड के अन्य ईदगाहों और मस्जिदों में भी नमाज़ अदा की गई. नमाज़ के बाद बच्चों के चेहरों पर खुशी, युवाओं में उत्साह और बाजारों में रौनक साफ झलक रही थी. लोग एक-दूसरे के घर जाकर मिठास भरे रिश्तों को और मजबूत करते नजर आए. दूसरी ओर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त की गई. काजी बस्ती पटेसरी व सोनाचांदी पटेसरी ईदगाह में मौलाना मुश्ताक आलम ने नमाज़ अदा कराई. इस अवसर पर हाजी काजी अब्दुल गफ्फार, मंसूर आलम, सलीमुद्दीन, मोहम्मद हुसैन, अली हुसैन, हारून रशीद, मोहम्मद गालिब, रिजवान, मो. जाकिर समेत सैकड़ों नमाजी मौजूद थे. पूरे क्षेत्र में सौहार्द, एकता और खुशी का माहौल बना रहा.

पहाड़कट्टा प्रतिनिधि के अनुसार

पोठिया प्रखंड में अकीदतमंदों ने हर्षोल्लास के साथ ईद की नमाज अदा की और एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दिया. ईद की नमाज को लेकर क्षेत्र में प्रशासन अलर्ट रही. सभी ईदगाहों में पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी. संवेदनशील ईदगाहों पर थानाध्यक्ष द्वारा भ्रमण कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया गया. शनिवार सुबह से ही आसमान में बादक छाए रहे और हल्की रिमझिम बारिश भी हुई, लेकिन इससे नमाजियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई. ईद के अवसर पर बच्चें, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में अपने-अपने आसपास के ईदगाहों में पहुंचे. सभी ने एक साथ मिलकर विशेष नमाज अदा की. पोठिया में हजारों की संख्या में नमाजियों की उपस्थिति से माहौल और धार्मिक बन गया. नमाज समाप्त होते ही लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारक कहा और खुशियां साझा की. ईद पर्व के दिन क्षेत्र में बधाईयों का सिलसिला जारी रहा. बच्चों में नए कपड़ो को लेकर विशेष उत्साह देखा गया, जबकि वृद्ध-बुजुर्गों ने युवाओं को दुवाएं दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया. ईद पर्व में लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मिठाईयां व सवई बांटी और खुशी साझा करने की परंपरा निभाई. ईद का यह पर्व प्रेम, आपसी भाईचारा और सौहार्द का संदेश देता है.

ईदगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम

पोठिया प्रखंड में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीपीओ-टू मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पोठिया थानाध्यक्ष अंजय अमन, अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार के द्वारा ईदगाहों की निगरानी की जा रही थी. सभी ईदगाहों में पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किये गए थे. पोठिया प्रखंड के रतनपुर पनासी, दामलबाड़ी, रतुआ, खजूरबाड़ी, हैकलबाड़ी, छत्तरगाछ,पोठिया ईदगाह, करबला उदगारा, कस्बा कलियागंज, डांगीबस्ती, गोरुखाल, कुसियारी, नौकट्टा, घियागांव आदि ईदगाहों पर प्रशासन नमाज के दौरान अलर्ट रही. सुबह से ही पुलिस बल ईदगाहों पर तैनात थे.

पौआखाली प्रतिनिधि के अनुसार

इस्लाम धर्म का सबसे बड़ा त्योहार ईद-उल-फितर शनिवार को पौआखाली नगर समेत पूरे ठाकुरगंज प्रखंड में अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. एक महीने के रोजों के बाद हजारों की संख्या में नमाजी विभिन्न ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की. पौआखाली नगर के मुख्य ईदगाह नानकार में सुबह से ही नमाजियों का आना शुरू हो गया था. सफेद व रंग बिरंगी कुर्ते पाजामे और सिर पर नक्काशीदार टोपियां पहने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरे पर ईद की खुशी झलक रही थी. नानकार के अलावे नूरी चौक, पबना, पेटभरी, मीरभिट्ठा, तेलीभिट्ठा, सीमलबाड़ी, सरायकुड़ी, जियापोखर, सुखानी, मालिनगांव, बंदरझूला, डुमरिया, भोगडाबर आदि स्थानों पर इमाम साहब ने ईद की विशेष नमाज अदा कराई. नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया, जिसमें इंसानियत, भाईचारा और मुल्क में अमन-चैन की दुआएं मांगी गई. नमाज संपन्न होते ही लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. वहीं ईदगाहों के आसपास सजी दुकानों पर बच्चों ने खिलौनों और मिठाइयों का आनंद लिया. नमाज के बाद लोग एक-दूसरे के घर जाकर लजीज पकवानों विशेषकर सेवइयों का जमकर लुत्फ उठाया. इधर त्योहार के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी. पौआखाली नगर और प्रखंड के संवेदनशील ईदगाहों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा. थानाध्यक्ष अंकित सिंह, थानाध्यक्ष गौतम कुमार, थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी अपने अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया. वहीं ईद को लेकर बिहार राज्य उर्दू परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष नौशाद आलम, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबू नसर आलम, जदयू नगर अध्यक्ष हबेवुर रहमान, वार्ड पार्षद नफीस आलम, पार्षद प्रतिनिधि कामरान खान, अबूजर गफ्फारी, असलम आजाद, सलमान अली, दिलीप दास, रालोमो के प्रखंड अध्यक्ष नायाब अनवर, जदयू नेता नौशाद आलम, हाजी मुस्तफा कमाल अशरफी, मोहसिन खान, हकीम मसूद आलम के अलावे पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अजय सिन्हा, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि आदित्य कुमार गणेश, पूर्व पंसस शिवचंद्र शर्मा, मनोज साह, शहंशाह आलम ने लोगों को बधाई दी है.

पोठिया प्रतिनिधि के अनुसार

प्रखंड में ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे जोश, उल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया. सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. नमाज के बाद मुल्क में अमन, शांति और भाईचारे की दुआएं मांगी गईं. पोठिया ईदगाह में काफी भीड़ भाड़ देखी गई. शनिवार सुबह 6:30 बजे से ईद की नमाज का सिलसिला शुरू हुआ, जो करीब 9:30 बजे तक चलता रहा. छत्तरगाछ स्थित मोहम्मदी जामा मस्जिद और शाही जामा मस्जिद ईदगाह में सबसे बड़ी नमाज अदा की गई, जहां सैकड़ों नमाजियों ने एक साथ सजदे में सिर झुकाकर इबादत की. सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां पहुंचने लगे थे. ठीक साढ़े आठ बजे इमाम मुजाहिद मिस्बाही ने नमाज अदा कराई. ईदगाह मैदान नमाजियों से खचाखच भरा नजर आया, जहां सफों में खड़े लोग अल्लाह की बारगाह में दुआ करते दिखे. नमाज के बाद देश और दुनिया में अमन-ओ-इत्तेहाद की विशेष दुआ की गई. इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं. बाजारों में भी भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला. सुरक्षा के मद्देनजर पोठिया ईदगाह में थानाध्यक्ष अमन अंजय, छत्तरगाछ की मस्जिदों के प्रमुख द्वार पर पुलिस कैंप प्रभारी राम बहादुर शर्मा अपने दलबल के साथ मौजूद रहे और लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं. ईद की सेवइयों की मिठास ने रिश्तों को और भी मजबूत बना दिया. नमाज के बाद घरों में मेहमानों का तांता लगा रहा. हफ्तों पहले से ही घरों में मेहमानों के लिए तरह-तरह की सेवइयां बनाने की तैयारी शुरू हो जाती है. रमजान से लेकर ईद-उल-फितर तक यह सिलसिला जारी रहा, जिसने समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश और भी गहरा कर दिया.

दिघलबैंक प्रतिनिधि के अनुसार

शनिवार को ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर दिघलबैंक बाजार स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित हुए. नमाज के बाद पूरे क्षेत्र में भाईचारे, सौहार्द और आपसी प्रेम का अद्भुत दृश्य देखने को मिला. इस अवसर पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह ईदगाह पहुंचकर मुसलमान भाइयों से गले मिले और उन्हें ईद की मुबारकबाद दी. ईदगाह स्थल पर उपस्थित मुसलमान भाइयों ने मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह को देखा, सभी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. लोगों ने उनसे हाथ मिलाया, गले मिले और उन्हें भी ईद की बधाई दी. इस दौरान पूर्व प्रमुख नादिर आलम, मस्जिद के मौलवी शमीम अहमद सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे. नमाज समाप्त होने के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की खुशियां साझा कीं. पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा. मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह ने इस अवसर पर कहा कि ईद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारा और इंसानियत का संदेश देता है.हमारे क्षेत्र की सबसे बड़ी पहचान यह है कि यहां सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर हर पर्व मनाते हैं. यही एकता और सद्भाव हमारे समाज को मजबूत बनाता है. हम सभी को मिलकर शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए. कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने एक-दूसरे को ईद की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया. ईदगाह में देर तक लोगों का आना-जाना लगा रहा और पूरे उत्साह के साथ ईद का पर्व मनाया गया.

बेलवा प्रतिनिधि के अनुसार

किशनगंज प्रखण्ड के बेलवा पंचायत में आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से शनिवार को ईद का त्योहार मनाया गया. मुस्लिम भाई सुबह से ही ईद की नमाज पढ़ने की तैयारी में लगे हुए थे. बच्चे, बूढ़े एवं नवजवान सभी एक साथ मिलकर बेलवा ईदगाह में ईद की नमाज अदा की. फिर आपसी भाईचारा का मिसाल देते हुए एक दूसरे से गले मिले. ईद के मौके पर प्रशासन भी जगह-जगह पर निगरानी करते हुए दिखी.

विशनपुर प्रतिनिधि के अनुसार

शुक्रवार को चांद का दीदार के पश्चात प्रखंड के विभिन्न ईदगाहों में मुस्लिम अकीदतमंदों ने शनिवार को सुबह अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा कर देश व दुनिया में अमन चैन की दुआ मांगी. जहां विपरीत मौसम के बावजूद अकीदतमंदों ने हर्षोल्लास के बीच ईद की नमाज पढ़ी. सुबह से बच्चे उत्साह के साथ ईदगाहों में पहुंचकर अपने खुशी का इजहार करते देखते ही बन रहा था, जहां बीरपुर, बिशनपुर, हल्दिखोड़ा, मजकुरी, बलिया, पुरन्दाहा, कठामठा, भगाल, मौधो, कोचाधामन, सोंथा, सुन्दरबाड़ी सहित अन्य सभी पंचायतों के सभी ईदगाहों में अकीदतमंदों ने अकीदत के साथ नमाज पढ़ी तथा अमन चैन की दुआ मांगी. वहीं कोचाधामन प्रशासन दण्डाधिकारी सहित पुलिस प्रशासन विभिन्न ईदगाहों में मुस्तैद थे.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन