आपदा आते ही बचाएंगे जान, किशनगंज में तैयार हो रही 150 ‘आपदा मित्र’ की टीम, SDRF दे रही खास ट्रेनिंग

सात दिवसीय आवासीय शिविर शुरू, एसडीआरएफ सिखाएगी राहत-बचाव, प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षक तकनीकें
Kishanganj News: बाढ़ हो, भूकंप आए या आगजनी जैसी बड़ी आपदा. अब किशनगंज के 150 युवा सिर्फ दर्शक नहीं, बल्कि सबसे पहले राहत और बचाव के लिए मैदान में उतरेंगे. इन्हें ऐसी ट्रेनिंग दी जा रही है, जो संकट की घड़ी में कई जिंदगियां बचा सकती है.
किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट.
Kishanganj News: किशनगंज जिले में आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है. बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में मारवाड़ी कॉलेज में सात दिवसीय आवासीय ‘युवा आपदा मित्र’ प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ है. इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न कॉलेजों के 150 राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं. प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को इस काबिल बनाना है कि वे बाढ़, भूकंप, आगजनी या अन्य प्राकृतिक और मानवीय आपदाओं के दौरान प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में प्रभावी भूमिका निभा सकें.
आपदा के समय पहली मददगार बनेगी युवा टीम
बिहार हर साल बाढ़, आंधी, वज्रपात और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का सामना करता है. ऐसे समय में शुरुआती कुछ मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं. इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत कार्य शुरू कर सकें और लोगों की जान बचाने में मददगार बनें.
यही सोच इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सबसे बड़ी ताकत है.
सात दिनों तक SDRF सिखाएगी जीवन बचाने की तकनीक
1 से 7 जुलाई तक चलने वाले इस आवासीय प्रशिक्षण शिविर में एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम स्वयंसेवकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रही है.
प्रशिक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव अभियान, प्राथमिक उपचार, घायल लोगों को सुरक्षित निकालने की तकनीक, राहत कार्य और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अभ्यास कराया जाएगा. केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि वास्तविक परिस्थितियों जैसी मॉक ड्रिल भी कराई जाएगी.
जिले के कई कॉलेजों के छात्र ले रहे हिस्सा
इस प्रशिक्षण शिविर में मारवाड़ी कॉलेज, नेहरू कॉलेज बहादुरगंज, मोहम्मद हुसैन आजाद कॉलेज ठाकुरगंज, आर.के. साहा महिला कॉलेज और अन्य महाविद्यालयों के एनएसएस स्वयंसेवक शामिल हुए हैं.
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये युवा अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के साथ जरूरत पड़ने पर प्रशासन की सहायता भी करेंगे.
पटना: MLC पद की शपथ लेने के बाद पवन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत की.
Kishanganj News: उद्घाटन समारोह में विशेषज्ञों ने युवाओं को किया प्रेरित
शिविर का उद्घाटन मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर कोचाधामन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद, पूर्व परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजय कुमार पांडेय तथा आर.के. साहा महिला कॉलेज के प्रो. सुनील कुमार भी मौजूद रहे.
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवा समाज की सबसे बड़ी ताकत साबित होते हैं. वहीं प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद ने कहा कि बदलते मौसम और बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं के दौर में इस तरह का प्रशिक्षण युवाओं को जिम्मेदार और सक्षम नागरिक बनने का अवसर देता है.
प्रशासन के साथ मिलकर करेंगे राहत और बचाव कार्य
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. क़सीम अख्तर ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि युवाओं को वास्तविक आपदा की स्थिति में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने के लिए तैयार करना है.
प्रशिक्षण के बाद ये स्वयंसेवक जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर राहत कार्य, प्राथमिक उपचार और बचाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: पत्नी की याद में पति ने बनवाया 25 लाख का मंदिर, जयपुर से मंगाई प्रतिमा, वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा
ये भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में सबसे ज्यादा प्रेम में धोखे की शिकार होती लड़कियां, महिला थाने में दर्ज आंकड़ों से खुलासा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










