शादी वाले घर में महिला की हत्या का खुलासा, दो महीने बाद अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, 7 कांड सुलझे

Updated:
विज्ञापन

प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए एसडीपीओ 2 मनोज सिंह | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

किशनगंज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. चोरी के दौरान महिला ने लुटेरों को देख लिया था, जिस पर पहचान छिपाने के लिए उन्होंने महिला की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर सात आपराधिक घटनाओं का खुलासा किया है.

विज्ञापन

Kishanganj Murder Mystery: किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अनुमंडल अंतर्गत कुर्लिकोट थाना क्षेत्र के चर्चित गीता देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, 15 मई 2026 की रात शादी समारोह के दौरान चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने पहचान उजागर होने के डर से महिला की लोहे की रॉड से हत्या कर दी थी. घटना के बाद गठित एसआईटी ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में आरोपियों ने हत्या सहित सात आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

विज्ञापन

चोरी के दौरान महिला ने देख लिया, पहचान छिपाने के लिए कर दी हत्या

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 की रात भेंसलोटी गांव में शादी समारोह चल रहा था. इसी दौरान चोर घर में घुसकर चोरी कर रहे थे. घर की महिला गीता देवी की नजर बदमाशों पर पड़ गई. पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

दो महीने तक चली जांच, एसआईटी ने सुलझाई गुत्थी

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची. एक गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह का नेटवर्क सामने आया और हत्या समेत सात मामलों का एक साथ खुलासा हो गया.

बिहार और बंगाल के चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मोहम्मद आलम उर्फ मो. नाजिर उर्फ गुरु (दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल), इसराइल उर्फ मैलसा उर्फ काना रसीद (सुखानी, किशनगंज), तौफिकुद्दीन (पोठिया, किशनगंज) तथा सलीम खान (पोठिया, किशनगंज) को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में सभी ने विभिन्न चोरी और हत्या की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है.

हत्या समेत सात मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने कुर्लिकोट थाना क्षेत्र के गीता देवी हत्याकांड व चोरी, कुर्लिकोट क्षेत्र की एक अन्य चोरी, पोठिया थाना क्षेत्र की दो चोरी, सुखानी थाना क्षेत्र में मंदिर और घर में चोरी तथा ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के कोलकातिया फार्म काली मंदिर और एक अन्य घर में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था.

हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित बड़ी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, एक मोबाइल फोन, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, दो जोड़ी सोने के झुमके, दो सोने की अंगूठियां, दो सोने के बाजूबंद, पांच जोड़ी चांदी की पायल, छह जोड़ी चांदी की बिछिया, दो चांदी के सिक्के, चार पीतल के लोटे, एक पीतल की थाली, एक पीतल का गिलास, एक पीतल का कटोरा, नौ साड़ियां तथा अन्य चोरी का सामान बरामद किया है.

एसआईटी टीम को मिलेगा पुरस्कार

Kishanganj Murder Mystery: इस अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने किया. टीम में जिला सूचना इकाई के प्रभारी मुस्ताक, अपर निरीक्षक पंकज कुमार पाठक, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अनुपम अमन, पोठिया थानाध्यक्ष संजय पाठक, कुर्लिकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, सुखानी थानाध्यक्ष मनु कुमारी, जिला सूचना इकाई के सोना कुमार, विनोद कुमार सहित विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस अधीक्षक ने सफल कार्रवाई करने वाली पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन