छह दिवसीय खेता कढ़ाई कार्यशाला का शुभारंभ

छह दिवसीय खेता कढ़ाई कार्यशाला का शुभारंभ
जिला पदाधिकारी विशाल राज ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, 40 प्रशिक्षु छात्राएं सीखेंगी पारंपरिक कला
किशनगंज. कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, डुमरिया भट्टा में शनिवार से छह दिवसीय खेता कढ़ाई कार्यशाला का विधिवत रूप से शुभारंभ किया गया. उद्घाटन जिला पदाधिकारी विशाल राज द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. कार्यशाला 14 मार्च से 19 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जिसमें जिले की कुल 40 प्रशिक्षु छात्राएं भाग ले रही हैं. कार्यक्रम का आरंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया. जिला पदाधिकारी ने प्रशिक्षु छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कला व संस्कृति किसी भी समाज की पहचान होती है. उन्होंने बताया कि पारंपरिक हस्तशिल्प व कढ़ाई कला महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है. इस प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने पर इसे कौशल विकास और आजीविका का साधन बनाया जा सकता है. जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि कार्यशाला में विशेषज्ञ प्रशिक्षक छात्राओं को खेता कढ़ाई की विभिन्न तकनीकें, डिजाइन, रंग संयोजन और पारंपरिक शैली का व्यवहारिक प्रशिक्षण देंगे. प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक सामग्री व मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा. कार्यशाला के अंत में प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे.कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के प्रतिनिधि, प्रशिक्षकगण व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण में मदद मिलती है. जिला प्रशासन ने उम्मीद जतायी कि प्रशिक्षु छात्राएं इस प्रशिक्षण से लाभान्वित होकर भविष्य में अपनी कला के माध्यम से आत्मनिर्भर बनेंगी व जिले की पारंपरिक कला को नयी पहचान दिलाने में योगदान देंगी. मौके पर वरीय उपसमाहर्त बैंकिंग, सहायक कोषागार पदाधिकारी, अनुमंडल पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी किशनगंज, प्रशिक्षु, प्रशिक्षक व जिले से आए नागरिक उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




