अवैध खनन पर जिला प्रशासन का बड़ा प्रहार: डीएम और एसपी के नेतृत्व में तड़के 4 बजे सरप्राइज रेड
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 11 Jun 2026 10:35 AM
कार्रवाही करते जिला पदाधिकारी विशाल राज, एसपी संतोष कुमार के साथ अन्य
Illegal Mining Raid: किशनगंज जिले में बालू और मिट्टी के अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है. जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में गुरुवार तड़के से शुरू हुई इस औचक छापेमारी में 70 से अधिक अवैध नावों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट
Illegal Mining Raid: बिहार के किशनगंज जिले में बहने वाली नदियों और तटीय इलाकों से हो रहे अवैध बालू व मिट्टी के खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बड़ी रणनीतिक कार्रवाई को अंजाम दिया है. जिलाधिकारी (DM) विशाल राज और पुलिस अधीक्षक (SP) संतोष कुमार की संयुक्त कमान में गुरुवार की अहले सुबह करीब 04:00 बजे से जिले के विभिन्न संवेदनशील और चिन्हित इलाकों में एक साथ ‘सरप्राइज रेड’ (औचक छापेमारी) शुरू की गई. प्रशासन की इस अचानक हुई चौतरफा घेराबंदी से अवैध खनन के कारोबार में संलिप्त माफियाओं और उनके गुर्गों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. जिला पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की इस संयुक्त कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
विभिन्न घाटों पर एक साथ चला हंटर; माफियाओं की नावें की गईं जमींदोज
प्रशासनिक टीम ने सूचना तंत्र के आधार पर जिले के उन सभी हॉटस्पॉट (चिन्हित अड्डों) पर एक साथ दबिश दी, जहां लंबे समय से चोरी-छिपे नदियों का सीना चीरकर बालू निकाला जा रहा था. इस महाभियान के तहत अमल झाड़ी, बावन डूबा, ओद्रा, बेलवा, मौजबारी, रहमानी टी स्टेट के पीछे का इलाका, रायपुर और हालामाला सहित अन्य विभिन्न नदी घाटों पर एक साथ बल प्रयोग किया गया. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने पाया कि नदियों के बीच से बालू निकालने के लिए अवैध रूप से बड़ी नावों का बेड़ा तैयार किया गया था. प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए खनन में संलिप्त ऐसी 70 से अधिक नावों को मौके पर ही पूरी तरह से नष्ट और जमींदोज कर दिया, ताकि दोबारा उनका उपयोग न हो सके.
कई ट्रैक्टर भी किए गए जब्त; पुलिस लाइन में चल रही कागजातों की स्क्रूटनी
नावों को नष्ट करने के साथ ही घाटों के आस-पास बालू की लोडिंग और परिवहन में लगे कई ट्रैक्टरों को भी पुलिस ने रंगे हाथों पकड़कर जब्त कर लिया है. वर्तमान स्थिति यह है कि पकड़े गए कई ट्रैक्टरों को जिला पुलिस लाइन लाया गया है, जहां जिला परिवहन पदाधिकारी और खनन विभाग की टीम द्वारा उनके इंजनों, चेसिस नंबरों और परिचालन संबंधी पेपरों की गहनता से जांच (स्क्रूटनी) की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, बिना वैध चालान और रजिस्ट्रेशन के पाए जाने वाले सभी वाहनों पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाने के साथ-साथ उनके मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.
अभियान में जिला प्रशासन की ओर से कोर टीम फील्ड पर मुस्तैद रही
इस व्यापक अभियान में जिला प्रशासन की ओर से पूरी कोर टीम फील्ड पर मुस्तैद रही. टीम में मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO-1) खुसरू सिराज और सहायक जिला खनन पदाधिकारी (ADMO) आदित्य कुमार सहित जिले के कई वरीय अधिकारी और भारी संख्या में सशस्त्र जिला पुलिस बल के जवान शामिल रहे. जिला प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यह कार्रवाई अभी थमी नहीं है और आने वाले दिनों में भी अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी रहेगा.
किशनगंज की ख़बरों को पढने के लिए क्लिक करें !
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










