अब नशा तस्करों की खैर नहीं, बिहार की पहली एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का इस जिले में हुआ गठन

Published by :Abhinandan Pandey
Published at :11 May 2026 3:06 PM (IST)
विज्ञापन
kishanganj news

एसपी संतोष कुमार और बिहार पुलिस की तस्वीर

Bihar News: किशनगंज में बढ़ते सूखे नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. बिहार में पहली बार किसी जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) का गठन किया गया है, जो नशा तस्करों के नेटवर्क, फंडिंग और सप्लाई चैन पर कार्रवाई करेगी.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार के किशनगंज जिले में तेजी से बढ़ रहे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को रोकने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. किशनगंज पुलिस ने बिहार की पहली एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) का गठन किया है. पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने इसकी घोषणा की. उन्होंने कहा कि जिले को सूखे नशे के कारोबार से मुक्त कराने के लिए अब विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई की जाएगी.

एसपी ने बताया कि बिहार में पहली बार किसी जिले में इस तरह की विशेष एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बनाई गई है. इसका मकसद सिर्फ छोटे तस्करों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क, फंडिंग और इनके पीछे काम कर रहे आकाओं तक पहुंचना है.

एसडीपीओ करेंगे नेतृत्व, 12 सदस्यीय टीम तैयार

इस विशेष टास्क फोर्स का नेतृत्व एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह करेंगे, जबकि इंस्पेक्टर राजू को टीम का प्रभारी बनाया गया है. एएनटीएफ में कुल 12 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल किए गए हैं, जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं.

पुलिस के अनुसार यह टीम जिले और आसपास के इलाकों में सक्रिय नशा तस्करों की पहचान करेगी. साथ ही उनके नेटवर्क, सप्लाई चैन और आपराधिक इतिहास की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी. सभी तस्करों का डोजियर तैयार कर उनके खिलाफ संगठित तरीके से कार्रवाई की जाएगी.

जेल से बाहर आने के बाद भी रहेगी नजर

पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी. जो तस्कर जेल से बाहर आ चुके हैं या भविष्य में रिहा होंगे, उनकी गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखी जाएगी. एएनटीएफ ऐसे लोगों पर प्रिवेंटिव एक्शन लेगी ताकि वे दोबारा अपराध की दुनिया में वापस न लौट सकें. पुलिस जल्द ही एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी करेगी, जहां लोग गुप्त रूप से नशे के कारोबार या सेवन से जुड़ी जानकारी दे सकेंगे.

युवाओं को जागरूक करने की भी तैयारी

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानूनी कार्रवाई से नहीं जीती जा सकती. इसके लिए समाज और लोगों की भागीदारी भी जरूरी है. इसी को देखते हुए स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक जगहों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा.

युवाओं को नशे के नुकसान के बारे में बताया जाएगा ताकि वे इस जाल में फंसने से बच सकें. वहीं जो लोग नशे के आदी हो चुके हैं, उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने की भी पहल की जाएगी.

संपत्ति जब्ती और स्पीडी ट्रायल पर जोर

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद एएनटीएफ सत्यापन कर छापेमारी करेगी और कानूनी कार्रवाई करेगी. नशा तस्करी में शामिल लोगों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी. इसके अलावा गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द सजा दिलाने की तैयारी है. एसपी ने जिलेवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किशनगंज को सूखे नशे से मुक्त कराना पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है.

Also Read: एक्शन मोड में सीएम सम्राट, DM-SP को आदेश- बिना बताए हर जगह जाएं, CCTV कैमरे रखेंगे नजर

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन