किराये के मकान में रह रही छात्रा की संदिग्ध स्थिति में मौत मामले में प्राथमिकी दर्ज, रेंटर पिंकी देवी फरार

चित्रगुप्तनगर थाना.
Student Death Case : खगड़िया में एक छात्रा की किराये के मकान में संदिग्ध मौत हो गई है। मृतका की बहन ने हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
Student Death Case : खगड़िया शहर में किराये के मकान में रह रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतका की बड़ी बहन ने चित्रगुप्त नगर थाना में हत्या की आशंका जताते हुए आवेदन दिया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में किराएदार पिंकी देवी के फरार होने और मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं.
हत्या की आशंका जताते हुए दर्ज कराई प्राथमिकी
मृतका की बड़ी बहन ने चित्रगुप्त नगर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन के सिर पर गंभीर चोट, होठ पर सूजन और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर घाव के निशान थे. उन्होंने यह भी दावा किया कि जिस स्थान पर शव मिला, वहां खून के धब्बों को साफ करने का प्रयास किया गया था और घटना को करंट लगने से हुई मौत का रूप देने की कोशिश की गई.
मकान मालिक और किरायेदार पर उठे सवाल
शिकायत में मकान मालिक के उदासीन रवैये और पड़ोसी किराएदार पिंकी देवी के संदिग्ध व्यवहार का भी उल्लेख किया गया है. आरोप है कि पिंकी देवी मकान मालिक की तरह व्यवहार करती थी और छात्राओं के साथ अक्सर विवाद करती थी. पुलिस ने दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
किरायेदार के कमरे में संदिग्ध गतिविधियां होने का आरोप
मृतका की बहन का आरोप है कि पिंकी देवी के कमरे में प्रतिदिन कई अज्ञात लोगों का आना-जाना लगा रहता था और देर रात तक गतिविधियां होती थीं. उन्होंने पुलिस से इस पहलू की भी गहन जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि इसी कारण दोनों पक्षों के बीच पहले से मनमुटाव चल रहा था.
री-पोस्टमार्टम, डीएनए और वैज्ञानिक जांच की मांग
परिजनों ने शव का पुनः पोस्टमार्टम, डीएनए परीक्षण तथा शरीर के आंतरिक अंगों की वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मेडिकल बोर्ड गठित कर शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया. जांच टीम ने मृतका के कपड़ों को सुरक्षित रखा है तथा अन्य आवश्यक नमूने भी जांच के लिए संरक्षित किए हैं.
चार महीने पहले आयी थी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने
मृतका अपनी छोटी बहन के साथ 27 मार्च 2026 को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए खगड़िया आई थी और किराए के मकान में रह रही थी. परिवार के अनुसार वह पढ़ाई में मेधावी थी और मैट्रिक तथा इंटर दोनों परीक्षाएं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की थीं. घटना के समय छोटी बहन कोचिंग गई हुई थी.
घटना के बाद किरायेदार के फरार होने से बढ़ा संदेह
परिजनों का आरोप है कि छात्रा पिंकी देवी के कमरे के सामने घायल अवस्था में पड़ी थी, लेकिन समय पर उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया. बाद में छोटी बहन के लौटने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. परिजनों का यह भी आरोप है कि पोस्टमार्टम के बाद पिंकी देवी फरार हो गई, जिससे संदेह और गहरा गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
चित्रगुप्त नगर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि मृतका की बहन के आवेदन पर कांड संख्या 119/26 दर्ज कर लिया गया है. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर सिंह
राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










