परबत्ता में ₹1.27 करोड़ से बनेगा आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम: 200 मीटर एथलेटिक्स ट्रैक की मिली स्वीकृति, 16 साल पुरानी अधूरी योजना पर उठे सवाल

फुटबॉल स्टेडियम की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
Kanhaiya Chak Football Stadium: खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है, जहां कन्हैया चक उच्च विद्यालय के खेल मैदान में ₹1.27 करोड़ से अधिक की लागत से प्रखंड स्तरीय आधुनिक आउटडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा.
Kanhaiya Chak Football Stadium: खेल विभाग ने 200 मीटर एथलेटिक्स ट्रैक युक्त फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए 1 करोड़ 27 लाख 46 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है. इस स्टेडियम का निर्माण बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा किया जाएगा. हालांकि, इस नई सौगात के बीच स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश भी है, क्योंकि इसी मैदान पर 16 साल पहले शुरू हुई मुख्यमंत्री खेल विकास योजना की एक आउटडोर स्टेडियम परियोजना करीब 30 लाख रुपये खर्च होने के बाद भी भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उदासीनता के कारण आज तक अधूरी पड़ी है.
बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड कराएगा काम
खिलाड़ियों की सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक खेल अवसंरचना को लेकर सरकार ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
- गुणवत्तापूर्ण निर्माण: स्वीकृत राशि का व्यय वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट मदों से किया जाएगा. भवन निर्माण निगम तकनीकी प्राक्कलन और नक्शे के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करेगा.
- समय सीमा: योजना पूर्ण होने के एक सप्ताह के भीतर स्टेडियम को जिला पदाधिकारी (डीएम) को हस्तांतरित कर दिया जाएगा, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को जल्द इसका लाभ मिल सके.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, नहीं जाना पड़ेगा दूसरे जिले
जिला खेल पदाधिकारी सह वरीय उपसमाहर्ता प्रवीण कुमार ने इस स्वीकृति को जिले के खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है:
- स्थानीय स्तर पर सुविधाएं: अब स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के एथलीटों व फुटबॉल खिलाड़ियों को अभ्यास तथा बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए दूसरे जिलों या राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
- सतत मॉनिटरिंग: खेल विभाग ने आश्वस्त किया है कि इस बार निर्माण कार्य को पूरी तरह समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी.
16 साल पहले भी आए थे ₹33 लाख, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी थी योजना
इसी इंटर उच्च विद्यालय कन्हैयाचक के मैदान में वर्ष 2009-10 (योजना संख्या 450) में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत आउटडोर स्टेडियम का काम 11 मार्च 2010 को शुरू हुआ था. कुल ₹33,21,700 की प्राक्कलित राशि में से लगभग ₹30 लाख की निकासी भी कर ली गई. लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि 16 साल बीत जाने के बाद भी धरातल पर काम आज तक अपूर्ण है. सबसे बड़ा झोल यह है कि संबंधित स्थल या सरकारी अभिलेखों में कहीं भी निर्माण एजेंसी का नाम तक दर्ज नहीं है. स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नए निर्माण से पहले पुराने ₹30 लाख के गोलमाल की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और संवेदक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर सिंह
राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










