अलौली में बिजली संकट गहराया, 20 पंचायतों व नगर पंचायत के लाखों उपभोक्ता परेशान

Author Pravin Kumar|Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन

हरिपुर ग्रीड | Prabhat Khabar Network

अलौली प्रखंड में बार-बार बिजली कटौती से लोग बेहद परेशान हैं. उमस भरी गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है. स्थानीय लोग नए सब-ग्रिड की स्थापना की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

खगड़िया : अलौली प्रखंड में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है. उमस भरी गर्मी और बारिश के मौसम में घंटों बिजली गुल रहने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. उपभोक्ताओं का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के प्रतिदिन कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, छोटे व्यवसाय, पेयजल आपूर्ति, खेती और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

दो सब-ग्रिड पर टिकी है पूरे प्रखंड की बिजली व्यवस्था

अलौली प्रखंड की 20 ग्राम पंचायतों और नगर पंचायत में फिलहाल हरिपुर और अलौली स्थित दो विद्युत सब-ग्रिड के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है. लगातार बढ़ते उपभोक्ताओं और बिजली की मांग के बावजूद वर्षों से व्यवस्था का विस्तार नहीं होने के कारण आए दिन बिजली संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दो सब-ग्रिड से पूरे प्रखंड की बिजली व्यवस्था संभालना अब संभव नहीं रह गया है.

शुम्भा में नए सब-ग्रिड की मांग

बिजली उपभोक्ताओं ने शुम्भा पंचायत में नया विद्युत सब-ग्रिड स्थापित करने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे शुम्भा, चांदपुरा खुर्द, छिलकौड़ी, बहादुरपुर और गोरियामी पंचायतों की बिजली व्यवस्था में सुधार होगा. साथ ही लोड कम होने से फॉल्ट की घटनाएं घटेंगी और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी.

घंटों बाधित रही बिजली आपूर्ति

स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार रात करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जो बुधवार सुबह लगभग नौ बजे बहाल हुई. इसके बाद बुधवार रात 10 बजे फिर बिजली गुल हो गई और गुरुवार सुबह सात बजे आपूर्ति बहाल हुई. हालांकि सुबह 11 बजे से फिर बिजली कट गई. लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से प्रतिदिन छह से आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है.

व्यवस्था सुधारने की उठी मांग

सामाजिक कार्यकर्ता रासबिहारी चौधरी, इंदल सिंह, संजीव कुमार, दिलीप पासवान, राहुल पासवान, गुड्डू कुमार, बब्लू पासवान, सुभाष कुमार और उदय शर्मा सहित अन्य लोगों ने शुम्भा में नए विद्युत सब-ग्रिड की स्थापना और जर्जर बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन