खीराडीह ग्राम कचहरी की अतिक्रमित जमीन होगी खाली, 11 जुलाई को चलेगा प्रशासन का अभियान

खगड़िया जिले के खीराडीह गांव में ग्राम कचहरी की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी हो गया है. 11 जुलाई 2026 को प्रशासन बड़े अभियान के तहत इसे खाली कराएगा.
खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत खीराडीह गांव में ग्राम कचहरी की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए गोगरी अनुमंडल प्रशासन ने आदेश जारी कर दिया है. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने 11 जुलाई 2026 को अभियान चलाने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है.
अपर समाहर्ता के आदेश पर होगी कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार, अंचल अधिकारी परबत्ता के अनुरोध तथा अपर समाहर्ता-सह-प्रथम अपीलीय प्राधिकार, खगड़िया के आदेश के अनुपालन में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. यह मामला खीराडीह निवासी मुकेश कुमार द्वारा ग्राम कचहरी की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने के आवेदन से संबंधित है.
दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति
अभियान के लिए प्रमोद कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, परबत्ता को दंडाधिकारी बनाया गया है. वहीं पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) बिरेन्द्र कुमार सिंह-3, परबत्ता थाना को पुलिस पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
25 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
कार्रवाई के दौरान 15 पुरुष और 10 महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. पुलिस बल की उपलब्धता के लिए परबत्ता थानाध्यक्ष को पुलिस केंद्र, खगड़िया से समन्वय स्थापित करने को कहा गया है.
शांतिपूर्ण ढंग से चलेगा अभियान
एसडीओ के आदेश के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी अंचल अधिकारी, परबत्ता और थानाध्यक्ष, परबत्ता की होगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण और विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराई जाएगी.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










