खगड़िया में दो हफ्ते में दूसरी खौफनाक वारदात, युवक की शिनाख्त में उलझी पुलिस
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 07 Jun 2026 9:18 AM
खगड़िया रेलवे ट्रैक
Khagaria News: खगड़िया में पसराहा रेलवे ट्रैक बना डेथ जोन. पटरी से दूर झाड़ियों में मिला शव, 15 दिन में दूसरी बार हुई ऐसी घटना.
खगड़िया गोगरी से रणवीर झा की रिपोर्ट.
Khagaria News: कटिहार-बरौनी रेलखंड पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया. पसराहा स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास पसराहा गांव जाने वाली ढाला के समीप एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि युवक का शव पटरी से दूर झाड़ियों में जा गिरा. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, जबकि रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी
रविवार की सुबह जब स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना महेशखूंट रेल थाना और पसराहा पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पसराहा आरपीएफ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
अब तक नहीं हो सकी पहचान
खबर लिखे जाने तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी. पहचान के लिए आसपास के गांवों के लोगों को बुलाया गया है. पुलिस के अनुसार युवक ने उजले रंग की गंजी और हरे रंग की पैंट पहन रखी थी.
अधिकारियों का कहना है कि युवक कौन था और वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल पहचान स्थापित करना जांच की पहली प्राथमिकता बनी हुई है.
हादसा या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
युवक ट्रेन की चपेट में कैसे आया, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. रेलवे पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
15 दिन में दूसरी घटना से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों के अनुसार पसराहा क्षेत्र में बीते 15 दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है, जब किसी व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है. इससे रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की सतर्कता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है.
Also Read: बिहार में महंगाई का नया झटका, घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपये महंगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










