खगड़िया के बेलदौर में स्टेडियम पर बवाल, स्विमिंग पूल के विरोध में सड़क जाम, 4 घंटे तक थमा आवागमन

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 08 Jun 2026 1:50 PM

विज्ञापन

आउटडोर स्टेडियम और स्विमिंग पूल निर्माण को लेकर विरोध

Khagaria News: खगड़िया में खेल मैदान बचाने की मांग पर उग्र हुआ आंदोलन, हजारों खिलाड़ियों के भविष्य का सवाल बताकर सड़क पर उतरे लोग

विज्ञापन

खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट.

Khagaria News: खगड़िया के बेलदौर में प्रस्तावित आउटडोर स्टेडियम और स्विमिंग पूल निर्माण को लेकर विरोध तेज हो गया है. सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने गांधी हाई स्कूल मैदान के पास बेलदौर-आलमनगर मुख्य सड़क जाम कर दी. करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. आंदोलनकारियों का कहना है कि स्विमिंग पूल बनने से क्षेत्र का एकमात्र बड़ा खेल मैदान सिकुड़ जाएगा और खिलाड़ियों के लिए संकट खड़ा हो जाएगा.

मैदान बचाने की लड़ाई में सड़क पर उतरे लोग

गांधी हाई स्कूल मैदान में प्रस्तावित निर्माण कार्य के विरोध में पहले से चल रहे अनशन को सोमवार को नया मोड़ मिल गया. कांग्रेस नेता मिथिलेश कुमार निषाद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और निर्माण योजना पर पुनर्विचार की मांग की.

आंदोलनकारियों का कहना है कि यह मैदान वर्षों से क्रिकेट समेत विभिन्न खेल गतिविधियों का केंद्र रहा है. यहां हजारों युवा नियमित अभ्यास करते हैं और स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होता है.

‘स्टेडियम से नहीं, स्विमिंग पूल से है आपत्ति’

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता मिथिलेश कुमार निषाद ने कहा कि उन्हें आउटडोर स्टेडियम निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है. उनका विरोध केवल स्विमिंग पूल के निर्माण को लेकर है. उनका कहना है कि पूल बनने से मैदान का बड़ा हिस्सा घिर जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल सकेगी.

उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से क्षेत्र के युवाओं के हितों की अनदेखी की जा रही है. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से वैकल्पिक स्थान पर स्विमिंग पूल निर्माण कराने की मांग की.

बाजार बंद कराने के बाद शुरू हुआ आंदोलन

सड़क जाम से पहले आंदोलनकारियों ने बेलदौर बाजार में घूमकर लोगों से समर्थन मांगा. कई दुकानों को बंद कराया गया और उसके बाद बड़ी संख्या में लोग गांधी हाई स्कूल के समीप एकत्र होकर धरना और सड़क जाम में शामिल हुए.

भीषण गर्मी के बीच हुए इस प्रदर्शन से यात्रियों को काफी परेशानी हुई. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई लोग घंटों फंसे रहे.

प्रशासन से वार्ता की मांग, आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक जिला या अनुमंडल प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर सकारात्मक आश्वासन नहीं देता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों से बातचीत की कोशिश की जा रही थी.

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश कुमार, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सूरज कुमार समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण आंदोलन में शामिल रहे.

Also Read:भागलपुर में तूफान और बारिश के बीच बीआरओ टीम के 82 इंजीनियरों ने कर दिखाया कमाल, 20 दिन में तैयार हुआ बेली ब्रिज

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन