मानसी रेलवे मैदान में उमड़ा योग प्रेमियों का सैलाब, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योग
मानसी रेलवे मैदान में हुआ योग शिविर
International Yoga Day 2026: योग दिवस पर खगड़िया के मानसी रेलवे मैदान में योग का अनूठा नजारा देखने को मिला. महिलाओं, युवाओं और खिलाड़ियों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया.
मानसी (खगड़िया) से सतीश कुमार की रिपोर्ट
International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय विश्व योग दिवस के अवसर पर रविवार को मानसी रेलवे मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के महत्व को समझा और विभिन्न योगासन तथा प्राणायाम का अभ्यास किया. सुबह से ही रेलवे मैदान में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला. कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला हीरोज क्लब के अध्यक्ष सह जदयू प्रदेश सचिव सुमित कुमार ने की.
जब रेलवे मैदान बना योग का केंद्र
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मानसी रेलवे मैदान पूरी तरह योगमय नजर आया. महिला, पुरुष, युवा और खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया. योग शिविर में शामिल लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया.
योग शिक्षक ने बताए स्वस्थ जीवन के मंत्र
योग शिक्षक नवनीत मिश्रा ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया. उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है. योग कई बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है और व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है.
‘योग भारत की प्राचीन विरासत, इसे अपनाएं’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुमित कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है. उन्होंने लोगों से नियमित योग करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि योग को जीवन का हिस्सा बनाकर ही हम स्वस्थ और तनावमुक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं.
International Yoga Day 2026: स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास और स्वास्थ्य जागरूकता संदेश के साथ हुआ. इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में एबीवीपी जिला संयोजक निलेश कुमार, सेवार्थ विद्यार्थी के प्रांत सह संयोजक नलिन सिंह, नवनीत मिश्रा, अजय पटेल, आनंद राही, रौशन कुमार, अनुज आनंद, सनोज शर्मा, मनीष कुमार, अंशु कुमार, धीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, महिला हीरोज क्लब के सदस्य और महिला फुटबॉल खिलाड़ी मौजूद रहीं.
योग दिवस के इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन की आधारशिला है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










