परबत्ता में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, गला दबाने के बाद शव जलाने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल पर छानबीन करते पुलिस पदाधिकारी.
Suspicious Death : सलारपुर गांव में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला का गला दबाकर हत्या की गई और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला दिया गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.
Suspicious Death : परबत्ता थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में बुजुर्ग महिला विणा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. स्थानीय स्तर पर आरोप लगाया जा रहा है कि पहले उनका गला दबाकर हत्या की गई और बाद में कथित रूप से साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को घर के बाहर चौकी पर रखकर कपड़ों से ढंकने के बाद आग लगा दी गई. इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच कर रही है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार और सहायक थाना अध्यक्ष सुमंत कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र कर जांच को आगे बढ़ाया जा सके.
जमीन विवाद सहित कई पहलुओं पर जांच
घटना के बाद गांव में विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं. कुछ ग्रामीण इस मामले को जमीन विवाद से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के कारण को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
परिवार के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप
जानकारी के अनुसार, मृतका का एक पुत्र फिलहाल जेल में बंद है, जिस पर पूर्व में अंचल अधिकारी के साथ मारपीट का आरोप है. वहीं बड़ा पुत्र मनोज कुमार खगड़िया में रहता है, जबकि दूसरा पुत्र संजय शास्त्री उर्फ पप्पू सिंह गांव में ही रहता है. बताया जा रहा है कि घटना उसके घर से सटे दरवाजे के पास हुई. घटना के बाद परिजनों के बीच भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.
फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा. फॉरेंसिक रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर ही मौत के कारण तथा संभावित आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पलटू झा
पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










