मानसी में 3 से 10 अगस्त तक ऐतिहासिक नागपंचमी महोत्सव, श्रीमद्भागवत कथा, भंडारा और मेले का होगा आयोजन
मानसी बाजार में लगाया जा रहा भव्य पंडाल | Prabhat Khabar Network
Nag Panchami Festival : मानसी बाजार में 3 से 10 अगस्त तक ऐतिहासिक नागपंचमी महोत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. इस वर्ष महोत्सव में श्रीमद्भागवत कथा, विशाल मेला, मनोरंजक झूले और भंडारे का आयोजन किया जाएगा. परिवार की सुख-समृद्धि के लिए श्रद्धालु मां भगवती मंदिर में पूजन अर्पण करेंगे.
Nag Panchami Festival : नगर पंचायत मानसी बाजार में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक नागपंचमी महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. यह महोत्सव क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है. हर वर्ष सावन माह की नागपंचमी पर हजारों श्रद्धालु मां भगवती मंदिर पहुंचकर दूध, लावा, कटहल, आम और नीम की डाल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित करते हैं तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं.
कलश यात्रा के साथ होगा महोत्सव का शुभारंभ
मेला महोत्सव समिति के अध्यक्ष अमर कौशिक ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव का आयोजन 3 अगस्त से 10 अगस्त तक किया जाएगा. 3 अगस्त को भव्य कलश यात्रा के साथ विधिवत पूजा-अर्चना होगी. उसी दिन संध्या में कथा वाचक मनीषानंद महाराज के श्रीमुख से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा. कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया जाएगा.
प्रतिदिन कथा और महाप्रसाद का होगा आयोजन
मेला महोत्सव समिति के सचिव सह पार्षद रवि कुमार ने बताया कि 4 अगस्त से 9 अगस्त तक प्रत्येक संध्या श्रीमद्भागवत कथा, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
10 अगस्त को कलश विसर्जन के साथ होगा समापन
महोत्सव का समापन 10 अगस्त को कलश विसर्जन, भंडारा और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया जाएगा. आयोजन समिति ने बताया कि समापन दिवस पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है और इसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
ड्रैगन झूला, मीना बाजार और बच्चों के लिए विशेष आकर्षण
इस वर्ष मेले को पहले से अधिक आकर्षक बनाने के लिए ड्रैगन झूला, ब्रेक डांस झूला, टॉवर झूला और बच्चों के लिए मिक्की माउस झूला लगाया जा रहा है. महिलाओं के लिए विशेष मीना बाजार की व्यवस्था भी की जा रही है. पूरे मानसी बाजार में महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है और आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए