माधवपुर पंचायत की जर्जर सड़कों का होगा कायाकल्प, डीएम ने ग्रामीण कार्य विभाग को लिखा पत्र
माधवपुर की क्षतिग्रस्त सड़क. | Prabhat Khabar Network
माधवपुर पंचायत और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण की पहल शुरू हो गई है. जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है.
माधवपुर पंचायत एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत व पुनर्निर्माण की पहल शुरू हो गयी है. इस संबंध में खगड़िया के जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार सरकार के सचिव को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है.
विधायक के पत्र का दिया गया हवाला
जिला पदाधिकारी की ओर से भेजे गये पत्र में बिहार विधानसभा के 151-परबत्ता क्षेत्र के विधायक के 12 सितंबर 2026 के पत्र का हवाला दिया गया है. इसमें क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़कों की जर्जर स्थिति की ओर विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया गया है. बताया गया है कि इन सड़कों से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और आम लोगों का नियमित आवागमन होता है.
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
जर्जर सड़कों के कारण बारिश के दौरान कीचड़ और जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है. इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य आवश्यक वाहनों के परिचालन में भी कठिनाई होने की बात पत्र में कही गयी है.
इन सड़कों की मरम्मत का उल्लेख
पत्र में माधवपुर पंचायत के मुरादपुर ढाला से प्रीति झा सरपंच के घर तक, विष्णुपुर गांव में शिवाला से दुर्गा मंदिर तक तथा जीएन बांध कबैला ढाला से जीएन बांध, अररिया गांव तक की सड़कों की आवश्यक मरम्मत का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है.
तकनीकी सर्वे के बाद होगी कार्रवाई
जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग से जनहित और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए इन सड़कों का तकनीकी सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण कराने का अनुरोध किया है. इसके बाद नियमानुसार आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण के लिए अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
बाढ़ के दौरान कई ग्रामीण इलाकों की सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं. ऐसे में मरम्मत और पुनर्निर्माण की पहल से स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए