डेंगू-चिकनगुनिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, गोगरी में ग्रामीण चिकित्सकों को दिए गए विशेष निर्देश
फोटो- बैठक करते प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और उपस्थित ग्रामीण चिकित्सक | Prabhat Khabar Network
डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए गोगरी में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है. ग्रामीण चिकित्सकों को संदिग्ध मामलों की तत्काल सूचना देने और अस्पतालों में विशेष बेड व दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
Khagaria Health Alert: गोगरी (खगड़िया). डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश एवं अस्पताल प्रबंधक रूपक कुमार ने प्रखंड के ग्रामीण चिकित्सकों के साथ बैठक कर सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और संदिग्ध मरीजों की तत्काल सूचना देने का निर्देश दिया.
संदिग्ध मरीज मिलने पर तुरंत सूचना देने का निर्देश
बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश ने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में डेंगू या चिकनगुनिया का संदिग्ध मरीज मिले तो तत्काल स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते जांच और इलाज शुरू किया जा सके.
डेंगू जांच के लिए एलाइजा रीडर मशीन तैयार
डॉ. चंद्रप्रकाश ने बताया कि डेंगू मरीजों की एनएस-1 जांच के लिए अस्पताल में स्थापित एलाइजा रीडर मशीन पूरी तरह तैयार है. संबंधित कर्मियों को मशीन को हमेशा क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि जांच में किसी प्रकार की देरी न हो.
अस्पतालों में विशेष बेड और दवा की व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग ने अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी में डेंगू मरीजों के लिए चार विशेष बेड तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दो-दो बेड सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है. सभी बेड पर मच्छरदानी उपलब्ध कराने और पर्याप्त मात्रा में दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. साथ ही मरीज मिलने पर उसके घर के 500 मीटर के दायरे में फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं.
अगस्त होगा 'एंटी डेंगू माह'
स्वास्थ्य विभाग अगस्त माह को 'एंटी डेंगू माह' के रूप में मनाएगा. इस दौरान लोगों को मच्छरों के प्रजनन को रोकने और डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा. विद्यालयों में क्विज, ड्राइंग और लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी बच्चों को जागरूक किया जाएगा.
लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
Khagaria Health Alert: डॉ. चंद्रप्रकाश ने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो साफ एवं ठहरे हुए पानी में पनपता है. तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, जोड़ों में दर्द और आंखों के पीछे दर्द इसके प्रमुख लक्षण हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं. साथ ही दिन में भी मच्छरदानी का उपयोग करें और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By रणवीर कुमार
रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










