खेल-खेल में तालाबनुमा गड्ढे में डूबे दो सगे भाई, एक की मौत
घटना के बाद जुटे लोग
Child Drowning Incident Khagaria: खगड़िया के परबत्ता में तालाबनुमा पानी भरे गड्ढे में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई सुरक्षित बचा लिया गया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.
परबत्ता से पलटु झा की रिपोर्ट:
Child Drowning Incident Khagaria: थाना क्षेत्र के कबेला नास मोड़ के समीप शुक्रवार को खेल-खेल में पानी से भरे एक तालाबनुमा गड्ढे में डूबने से एक मासूम की जान चली गई. हादसे में उसका सगा भाई बाल-बाल बच गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है.
खेलते-खेलते पहुंचे पानी भरे गड्ढे के पास
जानकारी के अनुसार रामचंद्र राय उर्फ बुधन राय के दो पुत्र 12 वर्षीय दिव्यम कुमार और दिव्यांश कुमार खेलते हुए पानी से भरे एक गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए. इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए.
ग्रामीणों ने बचाव अभियान चलाया
बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया. मौके पर जुटे ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला. इसके बाद डायल 112 की पुलिस टीम को सूचना दी गई.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दिव्यम कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं उसके भाई दिव्यांश कुमार की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल और गांव में चीख-पुकार मच गई. परिजन शव को लेकर घर लौट गए. घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं.
पोस्टमार्टम कराने का प्रयास
पुलिस ने बताया कि परिजनों को समझाकर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी करने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं पंचायत के मुखिया बालकृष्ण शर्मा उर्फ ललन शर्मा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










