अलौली का मुन्नाभाई ऋषभ गिरफ्तार

अलौली का मुन्नाभाई ऋषभ गिरफ्तार
प्रतिनिधि, खगड़िया बेगूसराय जिले के बरौनी स्थित उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बथौली में बीपीएससी टीआरई 3.0 की परीक्षा दे रहे मुन्नाभाई को गिरफ्तार किया गया है. बताया जाता है कि परीक्षा केंद्र पर सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में शामिल फर्जी परीक्षार्थी को चिन्हित किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फर्जी परीक्षार्थी को गिरफ्तार कर लिया. बताया जाता है कि परीक्षा केंद्र उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बथौली पर रविवार को बीपीएससी परीक्षा टीआरई 3.0 की परीक्षा में रोल नंबर- 899884 परीक्षार्थी का नाम -राजीव कुमार, पिता -इंद्रदेव साह, ग्राम व थाना बेलदौर, जिला – खगड़िया के स्थान पर मुन्नाभाई अलौली थाना क्षेत्र के सहसी हरिपुर गांव निवासी भारत भूषण सिंह के पुत्र ऋषभ आदित्य परीक्षा दे रहा था. फर्जी परीक्षार्थी ऋषभ ने सभी मानक और मापदंड को पूरा करते हुए परीक्षा केंद्र उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बथौली में प्रवेश किया. फिर परीक्षा केंद्र के निर्धारित कक्ष में प्रवेश कर निर्भीक होकर परीक्षा दे रहा था.
पटना कंट्रोल से दी गयी सूचना पर हुई करवाई पटना कंट्रोल से परीक्षा सम्पन्न होने से कुछ देर पहले केंद्राधीक्षक को सूचना मिली. केंद्राधीक्षक आलोक कुमार को सूचना दिया गया कि परीक्षा केंद्र पर रोल नंबर 899884 परीक्षार्थी राजीव कुमार के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा दे रहा है. सूचना मिलते ही परीक्षा केंद्र बथौली में हड़कंप मच गया. केंद्राधीक्षक सह प्रधानाध्यपक ने जांच शुरू किया तो पाया कि परीक्षार्थी राजीव कुमार नहीं बल्कि ऋषभ आदित्य था. प्रथम दृष्टया पुलिसिया पूछताछ में फर्जी परीक्षार्थी ऋषभ आदित्य ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और इससे संबंधित जानकारी पुलिस को दी.थानाध्यक्ष बरौनी रजनीश कुमार ने बताया कि उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बथौली के प्रधानाध्यापक आलोक कुमार द्वारा दी गयी सूचना पर कार्रवाई की गयी. उन्होंने बताया कि फर्जी परीक्षार्थी ऋषभ आदित्य को विद्यालय परिसर से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गयी. केंद्राधीक्षक सह प्रधानाध्यापक आलोक कुमार के द्वारा दिए गए आवेदन, जब्त प्रदर्श के आधार पर बीएनएस, 2023 की धारा 318 (4)/319 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. साथ ही सही परीक्षार्थी का नाम और पता भी पुलिस को मिल गया है. इसके आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस को मिला फर्जी आईडीफर्जी परीक्षार्थी ऋषभ आदित्य के पास से प्रवेश पत्र, प्रश्न पत्र और फर्जी आधार कार्ड तथा फोटो जब्त कर लिया गया है. बताते चलें कि परीक्षा को संचालित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी व केंद्राधीक्षकों को चकमा देकर परीक्षा दे रहा था. परीक्षा केंद्र पर केंद्र में प्रवेश से पूर्व अत्याधुनिक तकनीक थंब इंप्रेशन मशीनों से भी मिलाया जाता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




