बारिश में सड़क के नीचे से बह गई मिट्टी, हादसे के खतरे के बीच युवाओं ने संभाली जिम्मेदारी

जर्जर सड़क की मरम्मती करते क्षेत्र के युवा
मनसाही प्रखंड की जर्जर सड़क बारिश में झूलते पुल जैसी हो गई है, जिससे बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय युवाओं ने जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के बाद चंदा जुटाकर मरम्मत का बीड़ा उठाया है।
कटिहार : मनसाही प्रखंड क्षेत्र के साहेब नगर पंचायत अंतर्गत अमीननगर से जयनगर जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. लगातार बारिश के कारण अमीननगर पोखर के पास सड़क के नीचे से मिट्टी बह जाने से सड़क झूलते पुल जैसी हो गई है. सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
बारिश में बढ़ा हादसे का खतरा
इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. जमीन धंसने के कारण कई लोग दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी मरम्मत नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है.
युवाओं ने चंदा जुटाकर शुरू की मरम्मत
सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्र के युवाओं ने पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई पहल नहीं हुई. इसके बाद शाहकमाल अमीन, खुर्शीद आलम, गौतम सिंह सहित अन्य युवाओं ने आपस में चंदा जुटाकर सड़क की मरम्मत शुरू कर दी. युवाओं ने क्षतिग्रस्त हिस्से में मिट्टी और अन्य सामग्री डालकर आवागमन को सुरक्षित बनाने का प्रयास किया.
स्थायी समाधान की उठी मांग
ग्रामीणों ने युवाओं की पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया. साथ ही प्रशासन और संबंधित विभाग से जयनगर-मनसाही मुख्य सड़क की अविलंब स्थायी मरम्मत कराने की मांग की, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर
राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










