नशा मुक्ति केंद्र में पिस्टल लहराते युवक का वीडियो वायरल

मामले की जांच में जुटी नगर थाना पुलिस
कटिहार. नगर थाना क्षेत्र के विनोदपुर इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर फायरिंग की मुद्रा में दिख रहा है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. लोग कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दो युवक नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो विनोदपुर में संचालित एक नशा मुक्ति केंद्र का है. इसमें एक युवक कथित तौर पर पिस्टल से फायरिंग करता दिख रहा है, हालांकि प्रारंभिक चर्चा में यह भी कहा जा रहा है कि पिस्टल में गोली नहीं थी. लेकिन हथियार का इस तरह सार्वजनिक प्रदर्शन और फायरिंग की कोशिश कानून के प्रति लापरवाही और बेखौफ रवैये को दर्शाता है. वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. हालांकि प्रभात खबर इस वायरल वीडियो की सत्यता एवं दावों की पुष्टि नहीं करता है. पुलिस भी वीडियो की जांच के बाद ही कुछ कहने की बात कर रही है.
बोले नगर थानाध्यक्ष
नगर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है. वीडियो के आधार पर संबंधित युवक की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि वीडियो सही पाया जाता है और हथियार के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, स्थान और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर
राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










