उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बना टापू, बेंच के सहारे कक्षा तक पहुंच रहे बच्चे
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 21 May 2026 6:52 PM
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बना टापू, बेंच के सहारे कक्षा तक पहुंच रहे बच्चे
परिसर में घुटने भर पानी जमा होने से पठन-पाठन ठप होने के कगार पर, पार करने के दौरान कई मासूम गिरकर हो रहे चोटिल
प्रधानाध्यापक व शिक्षकों ने स्थानीय प्रशासन से की मिट्टी भराई और समुचित जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग
हसनगंज. क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश ने शिक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है. लगातार मूसलाधार बारिश के कारण उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय हसनगंज परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है. स्कूल प्रांगण में भारी जलजमाव होने से छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को बेहद विकट स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. जल भराव के कारण पठन-पाठन सहित विद्यालय के दैनिक संचालन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. नौनिहालों को घुटने भर गंदे पानी से होकर विद्यालय की कक्षाओं तक पहुंचना पड़ रहा है.
बेंच लगाकर पानी पार करने को मजबूर छात्र, हादसे का डर
परिसर की बदहाली पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार भगत ने बताया कि इन दिनों लगातार हो रही बारिश से विद्यालय परिसर में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है. स्थिति इतनी दयनीय है कि बच्चों को कक्षाओं में प्रवेश कराने के लिए पानी के बीच में बेंच की कतार लगानी पड़ रही है. बच्चे इन बेंचों पर संतुलन बनाकर इस पार से उस पार जाने को मजबूर हैं, जो कि बेहद जोखिम भरा है. पानी पार करने के इस जुगाड़ के दौरान संतुलन बिगड़ने से कई बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं.
हर साल बरसात में बनते हैं बाढ़ जैसे हालात, समाधान की गुहार
प्रधानाध्यापक ने बताया कि हर साल बरसात के समय विद्यालय में घुटने भर पानी जमा हो जाता है. जिससे पार कर आने-जाने में बच्चों व शिक्षकों को भारी मशक्कत उठानी पड़ती है. विद्यालय के शिक्षकों व प्रधानाध्यापक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से विद्यालय प्रांगण की इस समस्या को गंभीरता से लेने का आग्रह किया है. उन्होंने मांग की है कि स्कूल परिसर में अविलंब मिट्टी भराई कराई जाए व जल निकासी की समुचित स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित माहौल में पठन-पाठन की सुविधा मिल सके. उनका स्कूल आना दूभर न हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










