सदर अस्पताल में सड़क दुर्घटना में घायल दो पक्ष इलाज को पहुंचे, आपस में भिड़े

सदर अस्पताल में सड़क दुर्घटना में घायल दो पक्ष इलाज को पहुंचे, आपस में भिड़े
– एक घंटे तक सदर अस्पताल बना रहा रणक्षेत्र, मरीज व उसके परिजनों में रहा दहशत कटिहार सदर अस्पताल परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गयी. जब एक दुर्घटना के बाद इलाज को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गयी. मामला बुधवार की है. करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में हाई वोल्टेज हंगामा चलता रहा. जिससे वहां मौजूद मरीजों और परिजनों में दहशत का माहौल बन गया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामला को शांत कराया. सेमापुर थाना क्षेत्र के बालू घाट पुल के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी. इस हादसे में एक बाइक पर सवार तीन लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गये. जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है जबकि, दो अन्य को हल्की चोटें आई हैं. सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. दूसरी बाइक के चालक को भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था. अस्पताल पहुंचने के बाद घायल पक्ष ने दूसरे बाइक चालक से इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गयी. अस्पताल परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया. घायल युवक साहिल के परिजन आजाद ने बताया कि वे लोग शरीफगंज के रहने वाले हैं. किसी काम से सुखासन जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी. आरोप है कि इलाज का खर्च मांगने पर दूसरे पक्ष ने विवाद बढ़ा दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. फिलहाल घायलों का इलाज जारी है. पीड़ित पक्ष ने थाना में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




