सालमारी बाजार में अतिक्रमण से जाम की उत्पन्न हो रही समस्या

सालमारी बाजार में अतिक्रमण से जाम की उत्पन्न हो रही समस्या
बलिया बेलौन सालमारी बाजार में रविवार को जाम लगने से लोगों को घंटों इंतजार के बाद जाम से निजात मिली. यहां की मुख्य सड़क, इन्दिरा चौक, छठ घाट, कालेज चौक, सोमवारी हाट, बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के सामने की सड़क अतिक्रमित किये जाने से सालमारी बाजार में प्रत्येक दिन जाम की समस्या लगी रहती है. सालमारी कॉलेज मोड़ से मुख्य बाजार इंदिरा चौक सोमवारी हाट तक सड़क के दोनों साइड में अवैध तरीके से सब्जी, फल और विभिन्न प्रकार के दुकान सजाये जा रहे हैं. इससे न केवल सड़क की चौड़ाई कम हो रही है, बल्कि यातायात भी प्रभावित हो रहा है. प्रत्येक दिन जाम की समस्या से आम जनता परेशान है. लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है. स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवियों ने प्रशासन को कई बार इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. कुछ दुकानदारों ने नदी के धार पर भी अतिक्रमण कर रखा है. वे अपने दुकानों के पीछे रूम बनाकर नदी के धार को भी कब्जा कर रहे हैं. इस से जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो सकती है. आश्चर्य की बात है प्रशासनिक अधिकारी इस समस्या को लेकर मौन हैं तथा उनके द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. सालमारी में अतिक्रमण की समस्या का समाधान करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को ठोस कार्रवाई करनी होगी. अवैध दुकानों को हटाना होगा और सड़क को अतिक्रमण से मुक्त कराना होगा. नदी के धार पर अतिक्रमण को भी रोकना होगा. कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हाजी मरगुबूल हक ने कहा की प्रशासन के द्वारा अतिक्रमण हटाने का केवल कागजी खानापूर्ति करता है. प्रशासन को आम जनता की परेशानी से कुछ मतलब नहीं है, उन्होंने जिला पदाधिकारी से अतिक्रमण हटाने की मांग की है, ताकि जाम की समस्या से मुक्ति मिले.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




