गोरखनाथ धाम हवा महल का लोकार्पण एमएलसी ने किया
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 08 Jun 2026 5:30 PM
गोरखनाथ धाम हवा महल का लोकार्पण एमएलसी ने किया
बलिया बेलौन बाबा गोरखनाथ धाम में हवा महल का जीर्णोद्धार कार्य सम्पन्न होने के बाद एमएलसी अशोक अग्रवाल ने सोमवार को लोकार्पण किया. मंदिर परिसर स्थित पुराने हवा महल के जीर्णोद्धार पूर्ण होने के बाद उसका लोकार्पण एमएलसी अशोक अग्रवाल ने करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं, मंदिर समिति के सदस्यों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से उत्सवी माहौल बना रहा. कार्यक्रम की शुरुआत बाबा गोरखनाथ के दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना से हुई. इसके बाद एमएलसी ने फीता काटकर पुनर्निर्मित हवा महल का उद्घाटन किया. मंदिर प्रबंधन समिति ने उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा धार्मिक और सामाजिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना की. मंदिर परिसर में स्थित हवा महल का निर्माण करीब डेढ़ दशक पहले कराया गया था. समय के साथ भवन की स्थिति काफी जर्जर हो गई थी. जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था. मंदिर कमेटी द्वारा कई वर्षों से इसके पुनर्निर्माण की मांग की जा रही थी. लेकिन पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था. स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के प्रयासों के बाद में एमएलसी के पहल पर लगभग 14 लाख 99 हजार 600 रुपये की लागत से हवा महल का जीर्णोद्धार कराया गया. मरम्मत और सौंदर्यीकरण के बाद भवन को नया स्वरूप मिला है. जिससे मंदिर परिसर की भव्यता में भी वृद्धि हुई है. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी ने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी कार्य है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए भविष्य में भी सहयोग जारी रहेगा. इस अवसर पर मंदिर समिति के सचिव पिंटू यादव, उपाध्यक्ष अक्षय सिंह, कोषाध्यक्ष दिलीप सिंह, पूर्व प्रमुख दिनेश नूनिया, पूर्व मुखिया रामचंद्र शर्मा, भाजपा नेता चंद्रभूषण ठाकुर, मुखिया प्रतिनिधि कबीर अहमद, समाजसेवी श्याम अग्रवाल, पुजारी विश्वजीत बनर्जी, आजमनगर अंचलाधिकारी रिजवान आलम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और सामूहिक शुभकामनाओं के साथ हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










