आढ़त खाली नहीं करने पर किरायेदार की बेरहमी से पिटाई

आढ़त खाली नहीं करने पर किरायेदार की बेरहमी से पिटाई
कटिहार थाना क्षेत्र के कोलासी बाजार में आलू-प्याज की आढ़त खाली नहीं करने को लेकर बुधवार को जमकर मारपीट की घटना सामने आई. घटना में भारेदार गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भतीजे की भी पिटाई कर दी गई. घायल की पहचान कोलासी बाजार के धर्मेंद्र वर्मा के रूप में हुई है. धर्मेंद्र वर्मा पिछले 12 वर्षों से किराये की आढ़त में आलू-प्याज की गद्दी चलाकर व्यवसाय कर रहे हैं. वह आढ़त मालिक उदय सिंह को नियमित रूप से किराया देते आ रहे हैं. घायल धर्मेंद्र वर्मा ने बताया कि आढ़त मालिक उदय सिंह के चचेरे भाई उक्त जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं और लगातार कुछ महीनों से दुकान खाली करने का दबाव बना रहे थे. आरोप है कि 24 मई को सुनील सिंह उर्फ मंटू सिंह, सुरेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों ने दुकान खाली नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी. इसकी शिकायत उन्होंने कोढ़ा थाना और कोलासी थाना में भी की थी. लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. पीड़ित के अनुसार बुधवार सुबह सुनील सिंह, मंटू सिंह, सुरेंद्र सिंह, पिंटू सिंह, उमेश सिंह समेत कई लोग दुकान पर पहुंचे और लाठी-डंडा एवं लोहे की रॉड से हमला कर दिया. मारपीट में धर्मेंद्र वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें बचाने पहुंचे उनके भतीजे आदित्य कुमार के साथ भी मारपीट की गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. पीड़ित ने मामले को लेकर स्थानीय थाना में फिर लिखित शिकायत दर्ज कराई है. इधर आढ़त मालिक उदय सिंह ने बताया कि संबंधित जमीन को लेकर उनके चचेरे भाइयों के साथ विवाद चल रहा है. मामला न्यायालय में विचाराधीन है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर
राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










