बिजली कटौती के विरोध में सेमापुर में सड़क जाम, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 05 Jun 2026 6:25 PM
बिजली कटौती के विरोध में सेमापुर में सड़क जाम, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
– काफी समझाने बुझाने के बाद पांच घंटे बाद खुला रास्ता
कटिहार बरारी से रिपोर्ट,
बरारी प्रखंड के 33 हजार केवीए पावर उपकेंद्र सेमापुर से संचालित बिजली आपूर्ति की गिरती व्यवस्था से तंग आकर ग्रामीण सड़कों पर उतर आए. भीषण गर्मी में निर्वाध बिजली और मकईपुर का लोड सेमापुर से काटने की मांग को लेकर उपभोक्ताओं और व्यवसायियों ने दुकान बंद कर सेमापुर पटेल चौक पर टायर जलाकर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के कारण काढ़ागोला-गेड़ाबाड़ी-कटिहार मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया.
पांच घंटे तक बाधित रहा आवागमन
बिजली की आपात स्थिति के विरोध में सैकड़ों ग्रामीण उपभोक्ता और व्यवसायी पटेल चौक पर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए. टायर जलाने और नारेबाजी से पूरा इलाका धुएं से भर गया. जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. गर्मी में फंसे यात्रियों और एंबुलेंस को भी काफी परेशानी हुई. ग्रामीण उपभोक्ता बालकृष्ण पटेल, राहुल कुमार सिंह, जिलापार्षद प्रतिनिधि शारीब खां, पूर्व पैक्स अध्यक्ष आंसू राजा सहित सैकड़ों लोगों ने सहायक अभियंता से वार्ता में कहा कि बिजली हर हाल में दुरुस्त चाहिए. लोगों का कहना था कि दिन में 2-3 घंटे ही बिजली मिल रही है. इससे घर, दुकान और खेत सब प्रभावित हो रहे हैं.
15 दिन में व्यवस्था ठीक करने का आश्वासन
स्थिति बिगड़ते देख एसडीएम के निर्देश पर सीओ मनीष कुमार, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता अविनाश सिंह व सेमापुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ लंबी वार्ता की. सहायक अभियंता अविनाश सिंह ने बताया कि 18 किमी 33 केवीए का वायरिंग नदी के रास्ते है. पांच फीडर में से एक कृषि के लिए और चार फीडर सेमापुर बाजार, सुखासन, काबर, पुरानी सेमापुर को बिजली दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि 33 केवीए मेंटनेंस का काम जल्द पूरा हो जाएगा. तब तक कुछ समय के लिए रोजाना बिजली कटौती करनी पड़ेगी. अधिकारियों ने 15 दिन में सारी व्यवस्थाएं ठीक करने का लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने करीब पांच घंटे बाद सड़क जाम विधिवत बहाल कर दिया.व्यवसायी व किसान सबसे ज्यादा परेशान
स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि बिजली कटौती से दुकान और कोल्ड स्टोरेज बंद पड़े हैं. किसान मक्का और धान की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं. संजय कुमार सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, कन्हैया सिंह सहित ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर 15 दिन में स्थिति नहीं सुधरी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. मौके पर एसआई अमरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










