नीति आयोग समीक्षा में कटिहार की प्रगति की सराहना, आकांक्षी जिला रैंकिंग में देश में 40वां स्थान

Updated:
विज्ञापन
नीति आयोग के कार्यक्रम की समीक्षा करते केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव राहुल सिंह, साथ मे डीएम आशुतोष द्विवेदी | Prabhat Khabar Network

नीति आयोग के कार्यक्रम की समीक्षा करते केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव राहुल सिंह, साथ मेँ डीएम आशुतोष द्विवेदी | Prabhat Khabar Network

कटिहार में नीति आयोग की समीक्षा बैठक में राहुल सिंह ने मोटर साइकिल एम्बुलेंस सेवा और शिक्षा में शून्य ड्रॉप-आउट दर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन

कटिहार. भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त सचिव सह कटिहार जिले के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी राहुल सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की प्रगति की गहन समीक्षा की गई. बैठक में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, सभी जिला स्तरीय अधिकारी तथा नीति आयोग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

देश में 40वां स्थान, स्कोर बढ़कर 61.2

समीक्षा के दौरान राहुल सिंह ने जिले के विभिन्न विकास संकेतकों में हुए सुधार पर संतोष जताया. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से कटिहार ने आकांक्षी जिला डेल्टा रैंकिंग (मार्च 2026) में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. जिले का समग्र स्कोर बढ़कर 61.2 हो गया है और कटिहार ने देशभर में 40वां स्थान प्राप्त किया है.

कई विकास परियोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में नीति आयोग से स्वीकृत महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई. इनमें मनिहारी प्रखंड में 77.94 लाख रुपये की लागत से खेल परिसर का निर्माण, मनिहारी अनुमंडल अस्पताल में 72.03 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की स्थापना तथा जिले में रोबोशाला और डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना शामिल है.

स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि विभाग को दिए निर्देश

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में अभी शत-प्रतिशत संतृप्ति नहीं हुई है, वहां विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य हासिल करें. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मोबाइल एवं मोटरसाइकिल एम्बुलेंस सेवा की नियमितता सुनिश्चित करने, शिक्षा विभाग को ड्रॉपआउट दर शून्य करने तथा कृषि विभाग को ड्रोन तकनीक के अधिकतम उपयोग से कृषि उत्पादकता बढ़ाने का निर्देश दिया.

गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण में बड़ा सुधार

स्वास्थ्य एवं पोषण की समीक्षा में बताया गया कि प्रथम त्रैमासिक में गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण की दर बढ़कर 99.18 प्रतिशत हो गई है, जबकि वर्ष 2018 में यह 66.92 प्रतिशत थी. बाढ़ एवं दियारा क्षेत्रों में नावों के माध्यम से टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की भी सराहना की गई. जिले में गंभीर कुपोषित बच्चों की दर घटकर 0.80 प्रतिशत रह गई है.

शिक्षा में बढ़ी संक्रमण दर, सभी स्कूलों में स्मार्ट क्लास

शिक्षा विभाग की समीक्षा में बताया गया कि प्राथमिक से उच्च प्राथमिक स्तर पर संक्रमण दर बढ़कर 79.48 प्रतिशत तथा उच्च प्राथमिक से माध्यमिक स्तर पर 74.48 प्रतिशत हो गई है. जिले के सभी 259 माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित किए जा रहे हैं. साथ ही बाला पेंटिंग और ई-शिक्षकोश पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों की नियमित ट्रैकिंग की जा रही है.

कृषि विविधीकरण और इंटरनेट कनेक्टिविटी पर जोर

बैठक में बताया गया कि जिले में ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी और जैविक कॉरिडोर के तहत खीरे जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है. जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत 1,230 जल निकायों का जीर्णोद्धार तथा 75 अमृत सरोवरों का निर्माण किया जा चुका है. इसके अलावा जिले की सभी ग्राम पंचायतों को इंटरनेट कनेक्टिविटी से जोड़ा जा चुका है और जल जीवन मिशन के तहत 3,891 आयरन रिमूवल प्लांट स्थापित किए गए हैं.

मनिहारी और कुरसेला ने किया बेहतर प्रदर्शन

बैठक में जानकारी दी गई कि नीति आयोग की आकांक्षी ब्लॉक रैंकिंग में मनिहारी प्रखंड ने पूर्वी क्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया है. वहीं 'सम्पूर्णता अभियान' के तहत सभी छह प्रमुख संकेतकों में शत-प्रतिशत संतृप्ति प्राप्त कर कुरसेला प्रखंड ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल किया है.

ALSO READ : अमदाबाद के बेलगच्छी में महानंदा नदी का तांडव: 100 फीट जमीन नदी में समाई, स्कूल पर मंडराया अस्तित्व का खतरा


विज्ञापन
सूरज कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By सूरज कुमार गुप्ता

सूरज कुमार गुप्ता पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया में एक्टिव है. वर्ष 2000 में पत्रकारिता की शुरुआत की. राजनीतिक व सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर पत्रकारिता करना इनकी रुचि में शामिल है. सामाजिक कार्यो में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2007 में इन्हें भारत सरकार की ओर से तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया था.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन