चिलचिलाती धूप व बढ़ती गर्मी से बचाव जरूरी

चिलचिलाती धूप व बढ़ती गर्मी से बचाव जरूरी
– लू को लेकर सदर अस्पताल पूरी तरह तैयार कटिहार जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान व चिलचिलाती धूप ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहने लगा है. गर्म हवाओं के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है. ऐसे मौसम में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. संभावित लू (हीट स्ट्रोक) की स्थिति से निपटने के लिए सदर अस्पताल प्रशासन ने भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. सदर अस्पताल के जनरल फिजिशियन डॉ एसपी विनकर ने बताया कि वर्तमान मौसम में लू लगने का खतरा काफी बढ़ गया है. विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं तथा पहले से किसी बीमारी से ग्रसित लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए. यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को कपड़े या टोपी से ढंककर निकलें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें. डॉ विनकर ने बताया कि शरीर में पानी की कमी होने पर चक्कर आना, सिरदर्द, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, बेचैनी, तेज बुखार और बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए. उन्होंने लोगों को ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी एवं ठंडे खाद पदार्थों का अधिक सेवन करने की सलाह दी है. लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए सदर अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गई है. अस्पताल परिसर में 10 बेड का एक अलग वार्ड तैयार किया गया है. जहां आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक लू से ग्रसित कोई भी मरीज सदर अस्पताल में भर्ती नहीं हुए है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें और अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें. प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके. बढ़ती गर्मी के बीच सतर्कता और जागरूकता ही लू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर
राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










