फलका में तीन पंचायतों में पैक्स चुनाव आज, प्रशासन ने पूरी की तैयारी

फलका में तीन पंचायतों में पैक्स चुनाव आज, प्रशासन ने पूरी की तैयारी
– 8 बूथों पर 3680 मतदाता करेंगे मतदान फलका फलका प्रखंड के पोठिया, रहटा, सोहथा उत्तरी पंचायत में पैक्स चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सोमवार को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष माहौल में मतदान कराया जायेगा. प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं. ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. रविवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी सन्नी सौरभ व अन्य अधिकारियों ने तीनों पंचायतों के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को आवश्यक सामग्री के साथ निर्धारित बूथों पर तैनात कर दिया है. तीनों पंचायतों में कुल 8 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जहां 3680 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. पोठिया पंचायत में 4 बूथ बनाए गए हैं. जिन्हें संवेदनशील घोषित किया गया है. यहां कुल 2121 मतदाता मतदान करेंगे. रहटा पंचायत में 2 बूथों पर 675 मतदाता वोट डालेंगे. सोहथा उत्तरी पंचायत में 2 बूथों पर 884 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना स्तर पर त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) का गठन किया गया है. दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. साथ ही, क्षेत्र में लगातार गश्ती तेज कर दी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. पैक्स चुनाव में विभिन्न पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए कई प्रत्याशी मैदान में हैं. पोठिया पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 3 उम्मीदवार और 18 सदस्य पद के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. रहटा पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 6 प्रत्याशी हैं. जबकि सोहथा उत्तरी पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 4 और सदस्य पद के लिए कुल 9 उम्मीदवार मैदान में हैं. सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज मतपेटी में बंद हो जायेगा. मतगणना 21 अप्रैल को किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




