कोढ़ा में बिजली संकट पर फूटा जनआक्रोश, एनएच-81 किया जाम

Published by : RAJKISHOR K Updated At : 10 Jun 2026 7:54 PM

विज्ञापन

बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार, 10 जून 2026 को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. सुबह करीब 9:00 बजे से एनएच-81 स्थित कोलासी चौक पर स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से धरना-प्रदर्शन शुरू किया

विज्ञापन

– शांतिपूर्ण धरना के बाद प्रशासनिक आश्वासन पर हटाया गया जाम

कटिहार

प्रखंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार, 10 जून 2026 को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. सुबह करीब 9:00 बजे से एनएच-81 स्थित कोलासी चौक पर स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से धरना-प्रदर्शन शुरू किया. दोपहर 12:00 बजे तक जारी रहा. इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-81 को जाम कर बिजली विभाग और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. धरना में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि कोढ़ा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. लोगों का कहना था कि 24 घंटे में महज 2 घंटे ही बिजली मिल रही है. जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. भीषण गर्मी के बीच बिजली की किल्लत ने स्थिति और भी गंभीर बना दी है. खासकर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है. क्योंकि नियमित बिजली नहीं रहने से वे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधार की मांग की. ग्रामीणों ने एक अन्य गंभीर समस्या की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया. उनका कहना था कि दिन के समय एनएच-81 पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक (नो-एंट्री) रहने के कारण ट्रक एवं अन्य भारी वाहन ग्रामीण सड़कों से होकर गुजरते हैं. जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही इसी वजह से एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं.

दलबल के साथ एसडीओ पहुंचे जाम स्थल पर

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) सुनील कुमार शर्मा अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार एवं कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद भी मौजूद रहे. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. इसी दौरान कोढ़ा अंचल अधिकारी संजीव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से संवाद कर स्थिति को शांत कराने की पहल की. ग्रामीणों की मुख्य मांग थी कि बिजली विभाग के एसडीओ स्वयं मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनें और समाधान का ठोस आश्वासन दें. सूचना मिलने पर बिजली विभाग के एसडीओ लल्लू प्रसाद धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की. जेई अभियंता पंकज ठाकुर भी मौजूद रहे. उन्होंने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना.

बिजली आपूर्ति की समस्या प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी दूर, एसडीओ

एसडीओ लल्लू प्रसाद ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा, कि कोढ़ा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जायेगा. विभाग की ओर से आवश्यक तकनीकी सुधार एवं लाइन मेंटेनेंस का कार्य तेजी से कराया जा रहा है. बहुत जल्द क्षेत्र में प्रतिदिन 16 से 17 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जायेगी. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. शिकायतों के समाधान के लिए विभाग तत्पर है. प्रशासन एवं बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया. एनएच-81 से जाम हटा लिया. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो वे पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन