कटिहार में दिव्यांगजनों के लिए राहत की पहल, फलका में लगा विशेष शिविर
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 01 Jun 2026 3:35 PM
दिव्यांगजनों के लिए फलका में लगा विशेष शिविर
Katihar News: अब सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में नहीं होगी परेशानी. फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित दिव्यांगता शिविर में जांच से लेकर प्रमाण पत्र प्रक्रिया तक की गई पूरी व्यवस्था.
कटिहार के फलका से अली अहमद की रिपोर्ट.
Katihar News: दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलका परिसर में विशेष दिव्यांगता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया पूरी की गई.
शिविर का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अश्वनी कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं.
एक ही जगह जांच और प्रमाण पत्र की सुविधा
शिविर में चिकित्सकों की टीम ने दिव्यांगता से संबंधित स्वास्थ्य जांच की. साथ ही लाभुकों के दस्तावेजों का सत्यापन कर पात्र व्यक्तियों के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया. इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली.
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि दिव्यांगता प्रमाण पत्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का महत्वपूर्ण आधार है. इसके माध्यम से लाभुक सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, छात्रवृत्ति और अन्य सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं.
सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अश्वनी कुमार ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है. उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र मिलने के बाद लाभुकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी.
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की मंशा है कि किसी भी दिव्यांग व्यक्ति को सुविधा पाने के लिए अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े. इसी कारण प्रखंड स्तर पर ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है.
स्वास्थ्य जागरूकता का भी मिला संदेश
शिविर के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दीं. उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण और सरकारी सुविधाओं के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में पवन कुमार, आशीष कुमार सहित चिकित्सकों, एएनएम, जीएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. बड़ी संख्या में पहुंचे दिव्यांगजनों ने शिविर का लाभ उठाया और इस पहल की सराहना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










