बिना अनुमति अमेरिका यात्रा पर गए सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण

Updated:
विज्ञापन

फोटो- सदर अस्पताल | Prabhat Khabar Network

बिहार स्वास्थ्य विभाग ने कटिहार के सिविल सर्जन डॉ जितेन्द्र नाथ सिंह से विदेश यात्रा के मामले में स्पष्टीकरण मांगा है. अनुमति के बिना अमेरिका जाने पर विभाग ने जताई है नाराजगी.

विज्ञापन

Katihar Health Department: कटिहार. बिहार स्वास्थ्य विभाग ने कटिहार के सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जितेन्द्र नाथ सिंह से विदेश यात्रा के मामले में स्पष्टीकरण मांगा है. स्वास्थ्य विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी रेणु कुमारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि डॉ सिंह ने 28 जुलाई 2026 से 26 अगस्त 2026 तक अमेरिका यात्रा के लिए अनुरोध किया था, लेकिन उन्हें विदेश यात्रा की अनुमति नहीं दी गई थी. इसके बावजूद उनके विदेश जाने की जानकारी विभाग को मिली है.

अमेरिका यात्रा के लिए मांगी थी अनुमति

विभागीय पत्र के अनुसार डॉ जितेन्द्र नाथ सिंह ने 28 जुलाई से 26 अगस्त तक अमेरिका जाने के लिए विभाग से अनुमति मांगी थी. हालांकि इस अवधि में राज्य के कई जिलों में बाढ़ और अतिवृष्टि की स्थिति बनी हुई थी. इसे देखते हुए सभी सिविल सर्जनों को विशेष सतर्कता बरतने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था.

विदेश यात्रा की अनुमति नहीं मिलने का हवाला

स्वास्थ्य विभाग ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि आपदा जैसी परिस्थिति में डॉ सिंह को विदेश यात्रा की अनुमति नहीं दी गई थी. विभाग के अनुसार, इसके बावजूद विदेश यात्रा किए जाने की जानकारी विभागीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सामने आई.

स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता का आरोप

विभाग ने डॉ सिंह के इस कृत्य को स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति लापरवाही तथा आपदा काल में प्रशासनिक दायित्वों की उपेक्षा बताया है. विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा है.

एक सप्ताह के भीतर देना होगा जवाब

स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि पत्र प्राप्त होने के एक सप्ताह के भीतर डॉ जितेन्द्र नाथ सिंह अपना स्पष्टीकरण विभाग को समर्पित करें. स्पष्टीकरण मिलने के बाद विभाग मामले में आगे की कार्रवाई करेगा.

वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई पत्र की प्रति

Katihar Health Department: विशेष कार्य पदाधिकारी रेणु कुमारी के हस्ताक्षर से जारी पत्र की प्रति स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य विभाग के सचिव, सभी प्राचार्य एवं अधीक्षक, सभी क्षेत्रीय अपर निदेशक तथा सभी सिविल सर्जनों को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी है.


विज्ञापन
राजकिशोर

लेखक के बारे में

By राजकिशोर

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन