शराब कंपनियों से चंदा लेकर पार्टी चलाने वाले शराबबंदी पर ज्ञान दे रहे, मनीष वर्मा

शराब कंपनियों से चंदा लेकर पार्टी चलाने वाले शराबबंदी पर ज्ञान दे रहे, मनीष वर्मा
कटिहार जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा कटिहार प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को छींटाबाड़ी स्थित एक निजी होटल में आयोजित महिला संवाद में मुख्य अतिथि थे. जदयू की महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष व नगर निगम पार्षद ममता देवी की अध्यक्षता में स्थानीय महिला प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्य में सक्रिय महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही. बिहार सरकार महिला कल्याण की नीतियों ने पूरे देश में एक मिसाल कायम की है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में लाने का जो संकल्प लिया है. वह आज ज़मीनी स्तर पर फलीभूत होता दिख रहा है. सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35% आरक्षण ने लाखों बेटियों को आत्मनिर्भर बनाया है. विशेषकर बिहार पुलिस बल में महिलाओं की सर्वाधिक भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि महिला सुरक्षा और नेतृत्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना, जीविका समूहों जैसी योजनाओं ने महिलाओं को शिक्षा, स्वरोज़गार और नेतृत्व के अवसर प्रदान किए हैं. उन्होंने विपक्षियों पर तंज करते हुए कहा कि कुछ लोग हैं जो गांधी जी का फोटो लगाकर कहते हैं कि जब उनकी सरकार आयेगी तो सबसे पहले शराबबंदी को खत्म करेंगे. आप लोगों से पूछना चाहता हूं गांधी जी का विचार कभी ऐसा था क्या. ये लोग गांधी जी का नाम लेकर लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं. कुछ लोग हैं जो शराब कंपनियों से चंदा लेकर अपनी पार्टी चलाते हैं और जब उनका राज था तो उन्होंने बिहार को बेवड़ा बना दिया था. घरेलू हिंसा चरम पर थी. जिससे महिलाएं सबसे ज्यादा पीड़ित थीं. पार्टी लगातार प्रयासरत है कि अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ा जाये. उन्हें नेतृत्व के अवसर दिए जाय और वे नीति निर्माण से लेकर क्रियान्वयन तक प्रत्येक स्तर पर प्रतिनिधित्व करें. महिला संवाद के उपरांत कटिहार जिले के अंतर्गत आने वाली सभी विधानसभाओं कुरसेला, कटिहार, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी, बाघमारा और कोढ़ा के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गयी. इन बैठकों में संगठन की मजबूती, आगामी योजनाओं की रणनीति और बूथ स्तर तक की तैयारी पर गहन विचार-विमर्श हुआ. इस अवसर पर पूर्व सासंद डॉ अहमद अशफाक करीम, दुलाल चंद गोस्वामी, ज़िलाध्यक्ष सूरज कुमार राय, नगर अध्यक्ष अमित शाह, महिला प्रकोष्ठ की ज़िलाध्यक्ष प्रितम देवी, नगरध्यक्ष ममता देवी, पूर्व ज़िलाध्यक्ष आशा सुमन, बाल संरक्षण आयोग की पूर्व अध्यक्ष हरपाल कौर, ज़िला परिषद सदस्य सुमती देवी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




