सात घंटे अंधेरे में डूबा बारसोई, बिजली आते ही ट्रांसफार्मर के केबल में लगी आग
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 01 Jun 2026 6:33 PM
सात घंटे अंधेरे में डूबा बारसोई, बिजली आते ही ट्रांसफार्मर के केबल में लगी आग
– पूरी रात परेशान रहे उपभोक्ता बारसोई बिना किसी पूर्व सूचना के पूरे बारसोई क्षेत्र में करीब सात घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. दोपहर से अंधेरे और उमस से जूझ रहे लोगों को शाम करीब सात बजे बिजली मिलने की उम्मीद जगी. लेकिन यह राहत महज 10 से 15 मिनट ही टिक सकी. इसके बाद बारसोई बाजार के धानहट्टी स्थित ट्रांसफार्मर के केबल में अचानक आग लग गई. जिससे उस ट्रांसफार्मर से जुड़ी पूरी विद्युत आपूर्ति फिर ठप हो गई. भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं ने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायत की. लेकिन घंटों इंतजार के बाद रात करीब 11:30 बजे जाकर ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी. आश्चर्य की बात यह रही कि मरम्मत के बाद भी ट्रांसफार्मर का एक फेज चालू नहीं हो सका. जिसके कारण उस फेज से जुड़े दर्जनों घरों और प्रतिष्ठानों में पूरी रात बिजली नहीं रही. स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार सुबह 9 बजे तक भी संबंधित फेज की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी. रातभर गर्मी, उमस और मच्छरों के बीच लोगों को जागकर रात बितानी पड़ी. बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा. कई घरों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई. जबकि व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी नुकसान उठाना पड़ा. उपभोक्ताओं का कहना है कि बारसोई में बिजली व्यवस्था लगातार बद से बदतर होती जा रही है. कभी मामूली हवा से घंटों बिजली गुल हो जाती है तो कभी ट्रांसफार्मर और केबल में खराबी के कारण पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है. लोगों का आरोप है कि नियमित रखरखाव और निगरानी के अभाव में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई है. स्थानीय नागरिकों ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बारसोई में कार्यरत कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर उपकरणों की जांच और रखरखाव किया जाता तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती. लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाएं विभागीय लापरवाही और कमजोर मॉनिटरिंग की ओर संकेत कर रही हैं. उपभोक्ताओं ने बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव, कटिहार के जिलाधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










