रेलवे व एसबीआई के बीच नकद प्रबंधन में पारदर्शिता को हुई साझेदारी

रेलवे व एसबीआई के बीच नकद प्रबंधन में पारदर्शिता को हुई साझेदारी
कटिहार पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने वित्तीय दक्षता, सुरक्षा व पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय स्टेट बैंक के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है. इस समझौते के तहत पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे नेटवर्क में 400 स्टेशनों पर कैश पिकअप सुविधाएं प्रदान की जायेगी. यह समझौता ज्ञापन (एमओयू) पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मुख्यालय में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव तथा भारतीय स्टेट बैंक और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया. यह पहल रेलवे प्रणाली में नकद प्रबंधन प्रक्रियाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतीक है. इस व्यवस्था के तहत, एसबीआई नामित स्टेशनों से नकद उठाव के लिए एक सुरक्षित और संगठित तंत्र प्रदान करेगा तथा स्टेशन की कमाई को संबंधित एसबीआई शाखाओं में समय पर जमा सुनिश्चित करेगा. यह प्रणाली नकद प्रबंधन में एकरूपता लायेगी. जवाबदेही बढ़ायेगी और जीपीएस-सक्षम वाहनों के माध्यम से नकद आदान-प्रदान का वास्तविक समय ट्रैकिंग सक्षम करेगी. जिससे चोरी, हानि या दुरुपयोग से जुड़े जोखिमों को कम किया जा सकेगा. नई सुविधा से वाहन किराए और सुरक्षा जनशक्ति पर व्यय में महत्वपूर्ण बचत होने की उम्मीद है. साथ ही स्टेशन स्टाफ की भी सुरक्षा सुनिश्चित होगी. स्टाफ को मैनुअल नकद परिवहन से मुक्त करके, यह पहल मुख्य परिचालन और वाणिज्यिक कार्यों पर अधिक फोकस की अनुमति देगी. जिससे पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की आधुनिकीकरण, पारदर्शिता और बेहतर सार्वजनिक सेवा वितरण के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत होगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




