ePaper

लक्ष्य 290 एमटी के विरुद्ध मात्र 112 क्विंटल की हुई गेहूं की खरीद

Updated at : 18 Jun 2024 10:53 PM (IST)
विज्ञापन
Electoral Roll Revision

एमएसपी पर गेहूं खरीद की समय सीमा समाप्त

विज्ञापन

कटिहार. चालू रबी मौसम के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की निर्धारित समय सीमा समाप्त हो गयी है. एमएसपी पर गेहूं खरीद के मामले में कटिहार जिला लक्ष्य से काफी पीछे रह गया है. हालांकि यही स्थिति राज्य की अन्य जिलों की भी है. उल्लेखनीय है कि कटिहार निर्धारित तिथि तक कटिहार जिला एमएसपी पर गेहूं खरीद के अपने लक्ष्य 290 एमटी के विरुद्ध मात्र 112 क्विंटल की खरीद की है. राज्य सरकार के दिशा निर्देश के आलोक में पिछले 15 मार्च से 15 जून तक एमएससी पर गेहूं खरीद की तिथि निर्धारित की गयी थी. सरकारी दिशानिर्देश पर गेहूं खरीद पाना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण बना रहा. सरकारी आंकड़ों पर भरोसा करें तो एमएससी पर गेहूं खरीद का अभियान लगभग टांय-टांय फिस्स हो चुका है. उल्लेखनीय है कि विभागीय दिशानिर्देश के आलोक में कहा गया है कि 15 मार्च से एमएसपी पर गेहूं खरीद शुरू की गयी है. गेहूं खरीद के लिए 16 प्रखंड के 179 पैक्स व आठ व्यापार मंडल को चयनित किया गया था. इन्हीं पैक्स के माध्यम से 290 क्विंटल प्रति पैक्स गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है. इस बार रबी विपणन मौसम के तहत गेहूं के लिए भारत सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खेती करने वाले किसानों से गेहूं की खरीद की जानी थी.

बाजार दर अधिक होने से लक्ष्य नहीं हुआ पूरा

दरअसल न्यूनतम समर्थन मूल्य की अपेक्षा गेहूं का बाजार भाव अधिक है. यही वजह है कि किसान एमएसपी पर गेहूं बेचने के बजाय स्थानीय व्यापारी के यहां गेहूं बेचने में दिलचस्पी दिखायी. कदवा प्रखंड के रमेश मंडल ने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल है. जबकि इससे अधिक कीमत पर बाजार में उपलब्ध है. बाजार में प्रति क्विंटल गेहूं की कीमत 2300-2400 रुपये मिल रहा है. इसी कारण किसान पैक्स को न बेचकर व्यवसायी के हाथों गेहूं को बेचने में लगे हुए है.

सात प्रखंड से 112 क्विंटल गेहूं की खरीद

न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की प्रक्रिया पिछले 15 मार्च से शुरू हो गयी है. यानी खरीद शुरू हुए तीन माह पूरा होने को है. पर अब तक मात्र 21 किसान से 112 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा सकी है. सहकारिता विभाग के वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों पर भरोसा करें तो कटिहार जिले में कुल 179 पैक्स व आठ व्यापार मंडल को गेहूं खरीद के लिए चयनित किया गया है. पर अमदाबाद से दो बरारी से तीन, बारसोई से तीन, फलका से दो, कदवा से एक, कटिहार से सात, कोढ़ा से दो व मनिहारी से एक किसान से गेहूं की खरीद की है.

187 पैक्स व व्यापार मंडल गेहूं खरीद के लिए था प्राधिकृत

विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार कटिहार जिले में 179 पैक्स व आठ व्यापार मंडल को गेहूं अधिप्राप्ति के लिए चयनित किया गया था. जिसमें अमदाबाद में नौ, बलरामपुर में 11, कदवा में 29, डंडखोरा में तीन, बारसोई में 23, मनिहारी में 11, मनसाही में पांच, फलका में नौ, आजमनगर में 19, कटिहार में आठ, हसनगंज में पांच, बरारी में 12, कोढ़ा में 18, कुरसेला में दो, प्राणपुर में 10 एवं समेली पांच पैक्स को गेहूं खरीद के लिए चयनित किया गया है. जबकि आजमनगर, बरारी, बारसोई, फलका, कदवा, कटिहार, कोढ़ा व प्राणपुर में एक-एक व्यापार मंडल को गेहूं खरीद के लिए चयनित किया गया था.

पंजीकृत 143 में मात्र 21 किसान ने बेचा गेहूं

विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार कटिहार जिले में 143 किसान ने एमएसपी पर गेहूं बेचने के विभागीय पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया था. लेकिन मात्र 21 किसान ही अपना गेहूं बेचने के लिए आगे आये. सहकारिता विभाग के ऑफिसियल पोर्टल पर भरोसा करें तो अमदाबाद में तीन, कदवा में आठ, डंडखोरा में तीन, मनिहारी में 36, मनसाही में 20, फलका में तीन, आजमनगर में 14, कटिहार में 18, हसनगंज में तीन, बरारी में आठ, कोढ़ा में 13, प्राणपुर में 10, बारसोई में चार किसान रजिस्ट्रेशन कराया था. जबकि बलरामपुर, कुरसेला व समेली से एक भी किसान गेहूं बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन