कैमूर: मवेशी खरीदकर लौट रहे युवक की पिटाई, पुलिस ने लोगों को समझाकर हटाया जाम, मामले की जांच शुरू

अस्पताल में जुटी लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले में गो-तस्करी के शक में एक युवक की कथित तौर पर पिटाई का मामला सामने आया है. घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. पुलिस ने स्थिति को संभाला और जांच शुरू कर दी है.
kaimur News : कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में गो-तस्करी के शक में एक युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. घटना के विरोध में लोगों ने पटना मोड़ के पास सड़क जाम कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटाया और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
मवेशी खरीदकर लौट रहा था युवक, रास्ते में रोका
घायल युवक की पहचान बेलौड़ी गांव निवासी नवाब कुरैशी के 32 वर्षीय पुत्र गुलाम साबिर कुरैशी के रूप में हुई है. पीड़ित के अनुसार वह अपने एक साथी के साथ दादर क्षेत्र से एक मवेशी खरीदकर घर लौट रहा था. इसी दौरान घेघिया के समीप बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और गो-तस्करी का आरोप लगाया.
निर्माणाधीन होटल में ले जाकर की पिटाई
पीड़ित ने बताया कि उसने बार-बार कहा कि मवेशी घर में पालन के लिए खरीदा गया है, लेकिन आरोपित उसकी बात सुनने को तैयार नहीं हुए. दोनों युवक उसे बाइक पर बैठाकर पटना मोड़ के पास निर्माणाधीन एक होटल में ले गए, जहां पहले से मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी. इस दौरान उसका साथी किसी तरह वहां से भाग निकला और गांव पहुंचकर घटना की सूचना परिजनों को दी.
गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. तब तक मारपीट करने वाले लोग वहां से फरार हो चुके थे. आक्रोशित लोगों ने विरोध में पटना मोड़ के दक्षिणी रोड पर कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई.
एक व्यक्ति हिरासत में, जांच जारी
लोगों की निशानदेही पर पुलिस ने भीड़ में शामिल एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मवेशी लेकर जा रहे युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की है. मामले की जांच की जा रही है. सड़क जाम को समय रहते समाप्त करा दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










