कैमूर: कुदरा रेलवे स्टेशन की सर्विस रोड बनी अवैध टैक्सी स्टैंड, स्कूल समय में सबसे अधिक लग रहा जाम, रोजाना जाम से लोग बेहाल

फोटो.9. सर्विस सड़क पर खड़े टेम्पो | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले के कुदरा रेलवे स्टेशन की सर्विस रोड पर अवैध टैक्सी स्टैंड बनने से रोजाना भीषण जाम लग रहा है. स्कूली बच्चों और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं अधिकारी इस पर कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं.
Kaimur Railway Station Traffic Jam : कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत मुख्यालय में रेलवे स्टेशन की सर्विस सड़क इन दिनों अवैध टैक्सी स्टैंड में तब्दील हो गई है. सड़क किनारे अनियमित ढंग से टेम्पो खड़े होने के कारण प्रतिदिन घंटों जाम लग रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा.
Kaimur News : टेम्पो चालकों की मनमानी से बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार चेनारी और शिवसागर की ओर जाने वाले टेम्पो चालक रेलवे स्टेशन की सर्विस सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी का इंतजार करते हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है.
स्कूल समय में सबसे अधिक लग रहा जाम
इसी मार्ग से रेलवे स्टेशन, नगर पंचायत कार्यालय, मुख्य बाजार, थाना, अस्पताल, डाकघर, कॉलेज और अन्य सरकारी व निजी संस्थानों तक लोगों का आना-जाना होता है. सुबह स्कूल खुलने और दोपहर छुट्टी के समय जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है.
अधिकारियों का काफिला भी फंसता, फिर भी नहीं हो रही कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी सड़क से कुदरा पुलिस, अंचलाधिकारी (सीओ), कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ), जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारियों का काफिला भी गुजरता है. कई बार वे भी जाम में फंसते हैं, लेकिन अवैध टैक्सी स्टैंड हटाने या यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है.
लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
लगातार जाम की समस्या से परेशान नगरवासियों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते अवैध टैक्सी स्टैंड नहीं हटाया गया तो समस्या और गंभीर हो जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










