कैमूर में सवर्ण समाज का महा आक्रोश मार्च, यूजीसी बदलाव वापस लेने समेत कई मांगें उठाईं
कलेक्ट्रेट गेट पर किया प्रदर्शन | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : कैमूर में सवर्ण समाज ने आरक्षण और SC/ST एक्ट में बदलाव की मांग को लेकर महा आक्रोश मार्च निकाला. सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई है.
Kaimur News : सवर्ण समाज जिला इकाई कैमूर के आह्वान पर सोमवार को भभुआ में विभिन्न मांगों को लेकर महा आक्रोश मार्च निकाला गया. यूजीसी में प्रस्तावित बदलावों को वापस लेने, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन तथा आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मार्च में शामिल हुए.
आपके शहर में
हाथों में भगवा झंडे लेकर प्रदर्शनकारियों ने की नारेबाजी
महा आक्रोश मार्च की शुरुआत पटेल कॉलेज मैदान, भभुआ से हुई. हाथों में भगवा झंडे लिए प्रदर्शनकारियों ने सरकार के विरोध में नारेबाजी की. मार्च शहर के एकता चौक होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट का गेट बंद कर दिया गया.
राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि उनकी मांगें किसी एक वर्ग के हित तक सीमित नहीं हैं. उनका कहना था कि आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए तथा कानून के कथित दुरुपयोग को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए.
एससी-एसटी एक्ट में संशोधन की मांग
प्रदर्शनकारियों ने एससी-एसटी एक्ट को लेकर भी अपनी आपत्तियां जाहिर कीं. उनका आरोप है कि कुछ मामलों में कानून का कथित रूप से दुरुपयोग कर सवर्ण समाज और अन्य वर्गों के लोगों को परेशान किया जाता है. उन्होंने ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और कानून के दुरुपयोग को रोकने के लिए आवश्यक संशोधन की मांग की.
मांगें नहीं मानी गयीं तो भाजपा के बहिष्कार की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र की भाजपा सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में भाजपा के बहिष्कार और चुनाव में मतदान नहीं करने की अपील जैसे राजनीतिक कदम उठाए जा सकते हैं.
आंदोलन को और व्यापक करने की दी चेतावनी
महा आक्रोश मार्च में शामिल करणी सेना के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान मार्च शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
Also Read : अकबरपुर में 40 शिक्षकों को दिया गया एआई आधारित प्रशिक्षण
हाईवे जाम और रेल रोको आंदोलन की बात
करणी सेना के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में सवर्ण समाज की ओर से हाईवे जाम और रेल रोको आंदोलन भी किया जा सकता है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो रेलवे से लेकर जीटी रोड तक जाम करने जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे.
Also Read : सासाराम: पॉक्सो मामले में फरार आरोपियों के घर पुलिस ने चस्पाया इश्तेहार
शांतिपूर्ण तरीके से सरकार तक पहुंचायी नाराजगी
सवर्ण समाज के नेताओं ने कहा कि सोमवार का महा आक्रोश मार्च सरकार तक अपनी मांगों और नाराजगी को शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचाने का प्रयास है. उन्होंने कहा कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा.
Also Read : दिनारा के वार्ड 8 और 9 में जलजमाव से नारकीय स्थिति, गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए