दिनारा के वार्ड 8 और 9 में जलजमाव से नारकीय स्थिति, गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर लोग
गली में जमा हुआ नाली का पानी | Prabhat Khabar Network
Sasaram News : दिनारा नगर पंचायत के वार्ड 8 और 9 में जलजमाव से लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। गंदे पानी और बीमारियों के खतरे से स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं।
Sasaram News : दिनारा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 और 9 में जलजमाव की समस्या से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. महीनों से नाली का गंदा पानी आने-जाने वाले रास्तों और घरों के आसपास जमा है. इससे पूरे मोहल्ले में नारकीय स्थिति बनी हुई है. स्थानीय लोगों को मजबूरी में गंदे और बदबूदार पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
नाली निर्माण नहीं होने से नहीं हो पा रही पानी की निकासी
स्थानीय निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह, श्रीभगवान साह, श्याम बिहारी चौबे, राजेश कुमार और कामेश्वर सिंह आदि ने बताया कि वार्ड में नाली का निर्माण हो जाने से जल निकासी की समस्या दूर हो सकती है. फिलहाल पानी की निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है. नतीजतन नाली का गंदा पानी सड़कों पर बहने के साथ-साथ लोगों के घरों के आसपास जमा हो रहा है. कई घरों में पानी अंदर तक पहुंच जाता है. इससे दुर्गंध के साथ कीड़े-मकोड़ों का प्रकोप भी बढ़ गया है.
बारिश होते ही तालाब में तब्दील हो जाता है पूरा मोहल्ला
बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है. थोड़ी सी बारिश होते ही पूरा मोहल्ला तालाब में तब्दील हो जाता है. जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रजनन तेजी से हो रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. गंदे पानी में जहरीले कीड़े-मकोड़ों के साथ सांप-बिच्छू जैसे विषैले जीव-जंतुओं के आने का भय भी लोगों को सताता रहता है.
बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान
जलजमाव के कारण बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान हैं. स्कूली बच्चों को भी रोजाना इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार राहगीर फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं. जलजमाव के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए घर से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर वे कई बार संबंधित वार्ड पार्षद और मुख्य पार्षद से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. धरातल पर समस्या के समाधान के लिए कोई काम नहीं हुआ है. वार्डवासियों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी और अनुमंडल प्रशासन से जल्द स्थल निरीक्षण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है.
जल्द शुरू होगी नाली निर्माण की प्रक्रिया
इस संबंध में उप मुख्य पार्षद विवेकानंद पांडेय ने बताया कि उक्त गली में नाली निर्माण के लिए नगर सरकार लगातार प्रयास कर रही है. इस संबंध में वरीय अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है. जल्द ही नाली निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए