सासाराम में तेज बाइक चलाने को लेकर विवाद, एक युवक को सिर में मारी गोली, दूसरे पर हमला कर किया घायल
प्रतीकात्मक तस्वीर
Sasaram News : सासाराम के तकिया मोहल्ले में तेज बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों को गोली मार दी गई. पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए हैं.
Sasaram News : शहर के तकिया मोहल्ले में रविवार की रात गली में तेज बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद में असामाजिक तत्वों ने दो युवकों पर हमला कर दिया. इस दौरान एक युवक के सिर में गोली मार दी गयी, जबकि दूसरे युवक के सिर पर हमला कर उसे घायल कर दिया गया. घायलों की पहचान तकिया मोहल्ला निवासी साहिल और सत्यम के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त छह लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से देसी कट्टा भी बरामद किया गया है.
आपके शहर में
तेज बाइक चलाने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
सासाराम नगर थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार ने बताया कि साहिल और सत्यम दोनों बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने गली में तेज बाइक चलाने से उन्हें रोका. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष के लोगों ने साहिल के सिर में गोली मार दी. इसके बाद सत्यम के सिर पर हमला कर उसे भी घायल कर दिया गया.
साहिल को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आयी. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद साहिल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया. वहीं, सत्यम का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
छह आरोपित गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद
नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना में संलिप्त छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा भी बरामद किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटायी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए