कैमूर: 3 साल के मासूम को बहला-फुसलाकर ले गया रिश्तेदार, परिजन अनहोनी की आशंका से सहमे

Updated:
विज्ञापन

चैनपुर थाना | Prabhat Khabar Network

चैनपुर के तिवई गांव में एक रिश्तेदार पर तीन वर्षीय मासूम को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के तिवई गांव से तीन वर्षीय मासूम बच्चे को बिना परिजनों की जानकारी के घर से ले जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया. पीड़ित की शिकायत पर चैनपुर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच और बच्चे की तलाश में जुट गई है.

रिश्तेदार पर बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

तिवई निवासी बहादुर बिंद ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि तीन अगस्त की सुबह करीब 11 बजे उनके साला, सोनहन थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव निवासी पप्पू बिंद, उनके तीन वर्षीय पोते रितेश कुमार को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया. आरोप है कि जाते समय वह घर का एक नोकिया मोबाइल फोन भी लेकर चला गया.

बार-बार देता रहा लौटाने का भरोसा

परिजनों के अनुसार घटना के बाद आरोपी से कई बार संपर्क किया गया. वह कभी बच्चे को घर पहुंचाने का आश्वासन देता रहा तो कभी भभुआ स्थित हनुमान मंदिर के पास बुलाता रहा. परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे, लेकिन वहां न तो आरोपी मिला और न ही मासूम बच्चे का कोई सुराग मिल सका.

अनहोनी की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने से परिवार अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है. पीड़ित ने आरोपी को बदमाश प्रवृत्ति का बताते हुए बच्चे की सुरक्षा पर चिंता जताई है.

थानाध्यक्ष ने क्या कहा

थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.


विज्ञापन
Ravishankar Singh

लेखक के बारे में

By Ravishankar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन