कैमूर के मोहनिया में 3 ट्रेलरों की आपस में भिड़ंत, केबिन में फंसा चालक, घायलों को वाराणसी किया गया रेफर
एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त ट्रेलर की तस्वीर
NH-19 Road Accident Kaimur : कैमूर के मोहनिया में एनएच-19 पर तीन ट्रेलरों की जोरदार टक्कर. बालू लदे ट्रेलर का केबिन क्षतिग्रस्त, चालक बुरी तरह फंसा. स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर घायल को बाहर निकाला, वाराणसी रेफर. पुलिस जांच में जुटी, एक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है.
कैमूर से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट
NH-19 Road Accident Kaimur : कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर पटना मोड़ के पास रविवार की देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ. घटना में तीन ट्रेलर एक के बाद एक टकरा गए. हादसा सासाराम से मोहनिया की ओर आते समय हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में सबसे पीछे चल रहे बालू लदे ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया. हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव का काम शुरू किया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने किसी तरह केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
आपके शहर में

घटनास्थल पर पहुंची एनएचएआई की टीम और स्थानीय पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर एनएचएआई की टीम और स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. एनएचएआई की एंबुलेंस से घायल चालक को मोहनिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया.

Kaimur News : उत्तर प्रदेश का रहने वाला है घायल चालक
घायल की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बरैथा गांव निवासी राजमणि के पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है. अनुमंडल अस्पताल के डॉक्टर अमित तिवारी ने सोमवार सुबह जानकारी देते हुए बताया कि घायल की स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर भेजा गया है.
हादसे के बाद हाईवे पर नहीं लगने दिया जाम
हादसे के बाद एनएच-19 पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए एनएचएआई की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया. वाहनों को बारी-बारी से पास कराया गया, जिससे लंबा जाम नहीं लग पाया. बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटाया गया, तब जाकर यातायात पूरी तरह सामान्य हो सका.

एक चालक मौके से फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद सबसे आगे चल रहे ट्रेलर का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. हालांकि बाकी दो ट्रेलरों को पुलिस और एनएचएआई की मदद से हटाया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
कैमूर के मोहनिया में हुआ यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है. हालांकि समय रहते स्थानीय लोगों और प्रशासन की सक्रियता से एक बड़ी अनहोनी टल गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है.
Also Read : बक्सर में महिला की मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पुलिस हिरासत में पति
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए