बक्सर में महिला की मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पुलिस हिरासत में पति

मृतक सुमन शाक्या की फ़ाइल फ़ोटो
Dowry Case Buxar : बक्सर के मल्लहचकिया में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी. मायके पक्ष ने दहेज को लेकर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का होगा खुलासा.
Dowry Case Buxar : बक्सर शहर के मल्लहचकिया मोहल्ले में रविवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी. मृतका की पहचान सुमन मृतक सुमन शाक्या के रूप में हुई है. घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पति रमेश कुमार पर जहर देकर हत्या करने की बात कही है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है.
घटना नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल के पास स्थित मल्लहचकिया इलाके की है, जहां देर रात सुमन की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई. हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. मायके वालों का कहना है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत हत्या है.

दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही सुमन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों के अनुसार, वर्ष 2021 में बैगन गोला निवासी रमेश कुमार के साथ की थी. मृतका का एक चार वर्षीय पुत्र भी है. जानकारी के अनुसार, मृतका का पति नया बाजार स्थित निजी अस्पताल साकेत हॉस्पिटल का संचालन करता है.
ससुराल पक्ष की ओर से बार-बार सामान और पैसे की मांग की जाती थी. मृतका के भाई नीतीश कुमार ने बताया कि उनकी बहन के साथ दहेज के लिए अक्सर मारपीट की जाती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार की शाम उनकी बहन को जहर दे दिया गया. शाम में फोन के माध्यम से सूचना मिली कि सुमन की तबीयत काफी खराब है. जब वे नया बाजार घर पहुंचे तो सुमन मृत अवस्था में पड़ी हुई थी. परिजनों का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति रमेश कुमार ने सुमन को जहर दे दिया, जिससे उसकी जान चली गई. घटना के बाद सुमन के परिजनों ने हंगामा करते हुए पुलिस को इसकी जानकारी दी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और वे लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

Buxar News : पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. साथ ही मृतका के पति रमेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है. थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है. उन्होंने कहा कि मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू पर जांच की जा रही है.

Dowry Case : पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि सुमन की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, जिसमें दहेज प्रताड़ना और हत्या दोनों एंगल शामिल हैं. स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है. इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस मामले में जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं.
बक्सर में हुई इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा की भयावह सच्चाई को सामने ला दिया है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और आरोपी पति से पूछताछ जारी है. अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है, जिससे सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Ragini Sharma
वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.
इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










