कैमूर में मिट्टी भराई रोकने पर पिता- पुत्र समेत तीन पर लाठी-डंडों से हमला, भभुआ सदर अस्पताल में इलाज जारी

Author Ranjeet kr patel|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
घायल का इलाज जारी

घायल का इलाज जारी

कैमूर जिले के कर्मचट थाना क्षेत्र के अमाव गांव में पैतृक जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विरोध करने पर पिता और दो पुत्रों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Kaimur Land Dispute ; कैमूर जिले के कर्मचट थाना क्षेत्र के अमाव गांव में सोमवार सुबह पैतृक जमीन के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. दूसरे पक्ष द्वारा कथित तौर पर जबरन मिट्टी भराई का विरोध करने पर एक ही परिवार के तीन लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया. हमले में 80 वर्षीय राम आशीष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके दो पुत्र राकेश सिंह और अरुण सिंह भी जख्मी हुए. वृद्ध की हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. वहीं दोनों पुत्रों का इलाज सदर अस्पताल भभुआ में चल रहा है.

Kaimur News : विरोध करने पर हुआ हमला

घायल राम आशीष सिंह ने बताया कि उनके और पट्टीदारों के बीच पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. सोमवार सुबह दूसरे पक्ष के लोग उनके हिस्से की जमीन पर जबरन मिट्टी भराई करा रहे थे. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया. शोर सुनकर बचाने पहुंचे उनके पुत्र राकेश सिंह और अरुण सिंह के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और तीनों घायलों को पहले रामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया. इलाज के दौरान राम आशीष सिंह की हालत नाजुक मिलने पर उन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया.

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर कर्मचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद में मारपीट की सूचना मिली है. दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

पहले भी हो चुका है विवाद

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है. पहले भी कई बार कहासुनी और तनाव की स्थिति बन चुकी थी. सोमवार को यही विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें पिता और उनके दोनों पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


विज्ञापन
Ranjeet Kr Patel

लेखक के बारे में

By Ranjeet Kr Patel

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन