करकटगढ़ जलप्रपात घूमने गए युवक से मारपीट का आरोप, वन विभाग कार्यालय पहुंच लगाई न्याय की गुहार
मारपीट में घायल युवक | Prabhat Khabar Network
करकटगढ़ जलप्रपात घूमने गए एक युवक ने वन विभाग के कर्मी पर टिकट को लेकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है. घायल युवक ने अपने दोस्तों के साथ हुई इस घटना के बाद चैनपुर थाने में आवेदन दिया था, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसने वन विभाग कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है.
चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित करकटगढ़ जलप्रपात घूमने गए एक युवक ने वन विभाग के कर्मी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. शुक्रवार को भभुआ थाना क्षेत्र के कूड़ासन गांव निवासी गुड्डू राम के 25 वर्षीय पुत्र वकील कुमार घायल अवस्था में वन विभाग कार्यालय पहुंचा और मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई.
घायल वकील कुमार ने बताया कि आठ अगस्त को वह अपने दोस्तों के साथ करकटगढ़ जलप्रपात घूमने गया था. वहां वन विभाग के सिपाही चंदन कुमार का किसी व्यक्ति से विवाद चल रहा था. इसी दौरान वे लोग भी वहां पहुंचे और टिकट के संबंध में पूछताछ करने लगे. आरोप है कि इसी बात को लेकर वन विभाग के कर्मी आक्रोशित हो गये और उसके तथा दोस्तों के साथ मारपीट करने लगे. मारपीट के दौरान उसके बाएं हाथ की एक उंगली कुल्हाड़ी से कट गयी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
पीड़ित ने बताया कि घटना को लेकर 10 अगस्त को चैनपुर थाना में आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इसके बाद शुक्रवार को वन विभाग कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई गयी. इस संबंध में डीएफओ संजीव रंजन ने बताया कि युवक द्वारा कार्यालय में आवेदन दिया गया है. आवेदन को जांच के लिए रेंज ऑफिसर को सौंपा गया है. जांच के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








