गरीबी को मात देकर कामयाबी तक पहुंचा मजदूर के बेटा, जेईई एडवांस्ड में कैमूर के कामरान अंसारी हासिल की 6051वीं रैंक

Updated:
विज्ञापन
जेईई एडवांस्ड में कामरान अंसारी ने लहराया परचम,लाया 6051वीं रैंक

पुसौली के कामरान अंसारी ने JEE Advanced 2026 में शानदार प्रदर्शन कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है. आर्थिक तंगी के बावजूद यह सफलता ग्रामीण छात्रों के लिए मिसाल बनी है. जानें कैसे उन्होंने यह मुकाम हासिल किया.

विज्ञापन

JEE Advanced Result 2026 : कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड के एक छोटे से गांव से बड़ी सफलता की खबर सामने आई है. घटाव गोला स्थित सराय बस्ती निवासी कामरान अंसारी ने जेईई एडवांस्ड 2026 में शानदार प्रदर्शन कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है. सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कामरान ने यह मुकाम हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर सपना पूरा किया जा सकता है.

कामरान अंसारी को कॉमन रैंक लिस्ट में 21,915वीं रैंक मिली है, जबकि ओबीसी-एनसीएल श्रेणी में उन्होंने 6,051वीं रैंक हासिल की है. उन्होंने परीक्षा में कुल 117 अंक प्राप्त किए. विषयवार प्रदर्शन की बात करें तो गणित में 28, भौतिकी में 23 और रसायन विज्ञान में 19 अंक हासिल किए. उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है.

Success Story : साधारण परिवार से निकलकर बनाई अलग पहचान

कामरान का परिवार आर्थिक रूप से बहुत मजबूत नहीं है. उनके पिता कबीर अंसारी अपने भाई की दुकान पर काम करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं. मां कुरैशा खातून गृहिणी हैं. ऐसे माहौल में पढ़ाई जारी रखना और प्रतियोगी परीक्षा में सफलता पाना आसान नहीं होता, लेकिन कामरान ने अपनी मेहनत से यह कर दिखाया.

परिवार के सदस्यों ने बताया कि कामरान शुरू से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर थे और उनका सपना इंजीनियर बनने का था. उन्होंने हर परिस्थिति में पढ़ाई को प्राथमिकता दी और अपने लक्ष्य से कभी पीछे नहीं हटे.

Kaimur News : शिक्षा का सफर और मेहनत का परिणाम

कामरान ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पैराडाइज चिल्ड्रेन स्कूल से पूरी की. इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से आगे की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान उन्होंने लगातार मेहनत की और खुद को इस कठिन परीक्षा के लिए तैयार किया.

उनके परिवार में एक बहन और एक भाई एहसान अंसारी भी हैं, जो जवाहर नवोदय विद्यालय, कैमूर में पढ़ाई कर रहे हैं. परिवार के सभी सदस्य पढ़ाई को महत्व देते हैं, जिसका असर बच्चों की सफलता में साफ दिखाई देता है.

गांव में जश्न जैसा माहौल, लोगों ने दी बधाई

कामरान की सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. लोगों का कहना है कि कामरान ने यह साबित कर दिया कि गांव के बच्चे भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें पूरा कर सकते हैं.


विज्ञापन
Vinod Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Vinod Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन