कैमूर में 13 महीने में तीसरा DM बदला, नितिन कुमार सिंह का 8 महीने में तबादला; आज पदभार संभालेंगे कुमार अनुराग
फोटो.9. नए डीएम कुमार अनुराग का फाइल फोटो10. डीडीसी को प्रभार सौंप हुए नितिन कुमार सिंह | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले में पिछले 13 महीनों में तीन डीएम का तबादला हो चुका है। नितिन कुमार सिंह की जगह कुमार अनुराग को नया डीएम बनाया गया है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
Kaimur News : कैमूर जिले में पिछले 13 महीने के दौरान तीसरे जिलाधिकारी का तबादला किया गया है. सोमवार की देर शाम राज्य सरकार ने 18 आईएएस अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की. इसके तहत करीब आठ महीने पहले कैमूर के डीएम का पदभार संभालने वाले नितिन कुमार सिंह का तबादला कर दिया गया है. उनकी जगह 2019 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार अनुराग को कैमूर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है.
कुमार अनुराग इससे पहले बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर पदस्थापित थे. वहीं, कैमूर से स्थानांतरित किये गये नितिन कुमार सिंह को फिलहाल वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रखा गया है. उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
डीडीसी को प्रभार सौंपकर रवाना हुए नितिन कुमार सिंह
तबादले के बाद नितिन कुमार सिंह मंगलवार को कैमूर समाहरणालय पहुंचे. शाम करीब 5:30 बजे उन्होंने डीडीसी दिव्य शक्ति को जिलाधिकारी का प्रभार सौंपा. करीब आधे घंटे की प्रक्रिया के बाद वह समाहरणालय से रवाना हो गये.
डीएम के तबादले के बाद समाहरणालय के अधिकारियों और कर्मियों की ओर से उनके विदाई समारोह की तैयारी भी की गयी थी. बुके, फूल-माला समेत अन्य सामग्री मंगायी गयी थी. हालांकि, नितिन कुमार सिंह प्रभार सौंपने के बाद विदाई की औपचारिकता में शामिल हुए बिना ही रवाना हो गये.
13 महीने में कैमूर को मिले तीन जिलाधिकारी
पिछले 13 महीने में कैमूर जिले में तीन डीएम का तबादला हो चुका है. सबसे पहले दो जून 2025 को सावन कुमार का तबादला सुपौल डीएम के रूप में हुआ था. उन्होंने कैमूर में करीब दो साल दो महीने का कार्यकाल पूरा किया था.
इसके बाद सुनील कुमार को कैमूर का डीएम बनाया गया. उन्होंने दो जून 2025 को पदभार ग्रहण किया, लेकिन करीब छह महीने बाद 11 दिसंबर 2025 को उनका तबादला कौशल विकास विभाग, पटना में कर दिया गया.
इसके बाद 2019 बैच के आईएएस नितिन कुमार सिंह को कैमूर का डीएम बनाया गया. यह डीएम के रूप में उनकी पहली पोस्टिंग थी. उन्होंने 11 दिसंबर 2025 को कैमूर डीएम का पदभार संभाला था. करीब आठ महीने बाद ही उनका तबादला कर दिया गया.
आज पदभार संभालेंगे कुमार अनुराग
नितिन कुमार सिंह के तबादले के बाद अब कैमूर की जिम्मेदारी 2019 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार अनुराग को सौंपी गयी है. वह बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे. जानकारी के अनुसार, कुमार अनुराग बुधवार को भभुआ पहुंचकर कैमूर डीएम के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे.
नये डीएम के पदभार संभालने तक जिले का प्रशासनिक कामकाज डीडीसी दिव्य शक्ति के पास रहेगा.
हथियार लाइसेंस के लिए समाहरणालय में लगी रही भीड़
डीएम नितिन कुमार सिंह के तबादले की खबर सामने आने के बाद मंगलवार को समाहरणालय में हथियार लाइसेंस के लिए आवेदन करने वालों की भीड़ भी देखने को मिली. लोगों को उम्मीद थी कि पूर्व की तरह तबादले के बाद रवाना होने से पहले डीएम की ओर से हथियार लाइसेंस जारी किये जा सकते हैं.
दरअसल, इससे पहले कैमूर के तत्कालीन डीएम सुनील कुमार के तबादले के बाद उनके कार्यकाल के अंतिम समय में बड़ी संख्या में हथियार लाइसेंस जारी किये गये थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने स्वयं सहित 42 लोगों को हथियार लाइसेंस दिया था. यह मामला बाद में काफी चर्चा में रहा और विधानसभा में भी उठाया गया था.
नितिन कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल में दिया सिर्फ एक लाइसेंस
नितिन कुमार सिंह के आठ महीने के कार्यकाल के दौरान सिर्फ एक व्यक्ति को हथियार का लाइसेंस जारी किये जाने की बात सामने आयी है. करीब तीन महीने पहले चैनपुर के बढ़ौना निवासी अमित कुमार सिंह को लाइसेंस दिया गया था.
मंगलवार को डीएम के समाहरणालय पहुंचने के बाद हथियार लाइसेंस की उम्मीद में पहुंचे लोग उनसे मिलने के लिए इंतजार करते रहे. हालांकि, नितिन कुमार सिंह ने डीडीसी को प्रभार सौंपा और बिना किसी से मिले सीधे रवाना हो गये. इसके बाद लाइसेंस की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









